एसएनई नेटवर्क.अंतरराष्ट्रीय डेस्क।
रूसी अदालत ने वॉल स्ट्रीट जर्नल के रिपोर्टर इवान गेर्शकोविच (Evan Gershkovich) की गिरफ्तारी को तीन महीने के लिए बढ़ा दिया है। रूसी समाचार एजेंसियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। इवान गेर्शकोविच एक अमेरिकी नागरिक हैं। उन्हें 30 अगस्त तक हिरासत में रखने का आदेश दिया गया है। गेर्शकोविच को रूस में एक रिपोर्टिंग यात्रा के दौरान जासूसी के आरोप में मार्च में गिरफ्तार किया गया था। हालांकि, गेर्शकोविच , उनके नियोक्ता वॉल स्ट्रीट जर्नल और अमेरिकी सरकार ने आरोपों से इनकार किया है।
हिरासत में लिए जाने वाले पहले अमेरिकी संवाददाता
गेर्शकोविच शीत युद्ध के बाद जासूसी के आरोप में रूस में हिरासत में लिए जाने वाले पहले अमेरिकी संवाददाता हैं। उनकी गिरफ्तारी से अमेरिका के पत्रकारों में खलबली मच गई और पश्चिम में आक्रोश फैल गया। संवाददाता की गिरफ्तारी की पश्चिमी अधिकारियों द्वारा व्यापक रूप से निंदा की गई। वॉल स्ट्रीट जर्नल ने गेर्शकोविच के खिलाफ जासूसी के आरोप का जोरदार खंडन किया और उनकी गिरफ्तारी को स्वतंत्र प्रेस के लिए एक क्रूर अपमान बताया और कहा कि इसके खिलाफ दुनिया भर में सभी स्वतंत्र लोगों और सरकारों में आक्रोश पैदा होना चाहिए।
पूरे मामले को गोपनीय रखा
बाइडन प्रशासन ने गेर्शकोविच को रूस में गलत तरीके से हिरासत में लिए जाने की आधिकारिक घोषणा की है और उनकी तत्काल रिहाई की मांग की। वह मास्को की लेफोर्टोवो (Lefortovo) जेल में बंद हैं।मंगलवार की अदालती सुनवाई के बारे में पहले से घोषणा नहीं की गई थी और पूरे मामले को गोपनीय रखा गया। रूसी अधिकारियों ने इस बारे में विस्तृत जानकारी नहीं दी है कि उनके पास गेर्शकोविच के खिलाफ जासूसी के आरोपों को साबित करने के लिए क्या सबूत हैं। विभिन्न कानूनी कार्यवाहियों में शामिल होने से मीडिया पर रोक लगा दी गई है।
एक बार हो सकी सिर्फ मुलाकात
येकातेरिनबर्ग (Yekaterinburg) में 29 मार्च को गिरफ्तारी के बाद से अमेरिकी दूतावास के अधिकारियों को गेर्शकोविच से जेल में मिलने की सिर्फ एक बार अनुमति दी गई थी। इसके बाद से रूसी अधिकारियों ने किसी अन्य को उनसे मिलने की अनुमति देने से इनकार कर दिया।
दोष साबित होने पर इतनी हो सकती है सज़ा
बता दें कि दोषी पाए जाने पर गेर्शकोविच को 20 साल तक की जेल हो सकती है। गेर्शकोविच को मॉस्को के लेफोर्टोवो जेल में रखा गया है। यह जेल रूस में जारशाही के युग का प्रतीक है। रूसी वकीलों का कहना है कि जासूसी के मामलों में जो पिछली जांच हुई हैं, उनमें अमूमन एक साल से लेकर 18 महीने तक का समय लगा है। साथ ही इस दौरान उनका बाहरी दुनिया से बहुत कम संपर्क हो पाता था।