SNE NETWORK.AMRITSAR/GURDASPUR/CHANDIGARH.

पठानकोट में अंतरराज्यीय समन्वय बैठक, 4 जिलों में अर्धसैनिक बलों की 10 कंपनियां तैनात।
पंजाब में 2027 में होने वाले आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों ने कमर कस ली है। वीरवार को पठानकोट में उच्चस्तरीय अंतरराज्यीय समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अगुवाई आईजी बार्डर रेंज गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने की। बैठक में पंजाब सहित पड़ोसी राज्यों के वरिष्ठ पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों, बीएसएफ, आर्म्ड फोर्सेस और केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।
बैठक में सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा घेरा मजबूत करने, पड़ोसी राज्यों से सटे रास्तों पर सघन नाकाबंदी करने और चुनाव के दौरान नशे व अवैध शराब की तस्करी पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की ठोस रणनीति तैयार की गई। वहीं, अधिकारियों को सतर्कता बढ़ाने के निर्देश दिए गए।

बॉर्डर रेंज में अर्धसैनिक बलों की 10 अतिरिक्त कंपनियां तैनात-IMAGE-CREDIT-BY-SNE-NETWORK….)
10 अतिरिक्त कंपनियां आवंटित
चुनाव के मद्देनजर सीमावर्ती जिलों में सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य बनाने के लिए अर्धसैनिक बलों की अतिरिक्त कंपनियां तैनात की जा रही हैं। आधिकारिक जानकारी के अनुसार, बॉर्डर रेंज के चार संवेदनशील जिलों को कुल 10 अतिरिक्त कंपनियां आवंटित की गई हैं। जिनमें अमृतसर रूरल बॉर्डर रेंज को 4 कंपनियां, बटाला को 3 कंपनियां, गुरदासपुर को 2 कंपनियां और पठानकोट को 1 कंपनी आवंटित की गई। इन अर्धसैनिक बलों की तैनाती से संवेदनशील इलाकों, अंतरराज्यीय सीमाओं और बॉर्डर बेल्ट में सुरक्षा बलों की मौजूदगी व गश्त कई गुना बढ़ जाएगी।
कई अहम फैसले लिए
आईजी भुल्लर ने बताया कि अंतरराज्यीय बैठक में सुरक्षा एजेंसियों ने सीमा पार से होने वाली गैरकानूनी गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए कई अहम फैसले लिए हैं। चुनाव के दौरान पड़ोसी राज्यों (हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर) से पंजाब को जोड़ने वाले सभी मुख्य और संपर्क मार्गों पर विशेष हाई-टेक नाके लगाए जाएंगे, जहां हर छोटे-बड़े वाहन की बारीकी से तलाशी ली जाएगी।
सख्त सुरक्षा प्रबंध लागू करने के निर्देश
आपराधिक तत्वों की आवाजाही रोकने और वांछित भगोड़े अपराधियों व फरार आरोपियों पर नकेल कसने के लिए सभी राज्यों की पुलिस रियल-टाइम सूचनाएं साझा कर संयुक्त कार्रवाई करेगी। बैठक में एनडीपीएस मामलों, नशा तस्करी और चुनाव में इस्तेमाल होने वाली अवैध शराब की सप्लाई चेन को तोड़ने पर विशेष जोर दिया गया। इसके लिए खुफिया तंत्र को और अधिक सक्रिय कर जमीनी स्तर पर सख्त सुरक्षा प्रबंध लागू करने के निर्देश दिए गए।
प्रत्येक गाइडलाइन को सख्ती से धरातल पर लागू किया जाएगा
इस उच्चस्तरीय समन्वय बैठक में डिप्टी कमिश्नर पठानकोट, क्षेत्र के दोनों बीएसएफ डीआईजी, केंद्रीय खुफिया व सुरक्षा एजेंसियों के प्रतिनिधि, आर्म्ड फोर्सेस के वरिष्ठ अधिकारी तथा पड़ोसी राज्यों के पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। बैठक के अंत में अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि चुनाव आयोग की प्रत्येक गाइडलाइन को सख्ती से धरातल पर लागू किया जाएगा और सभी विभाग आपसी तालमेल से काम करेंगे, ताकि मतदान के दौरान किसी भी अप्रिय घटना की गुंजाइश न रहे।###CANADA###USA###UK###PUNJAB###POLICE###IG###DGP###AAP###BJP###CONGRESS###GURDASPUR###PATHANKOT###AUSTRALIA###NEWZEALAND###GERMANY###ITLAY###FRANCE###SINGAPORE###

