वरिष्ठ पत्रकार.हलवारा /लुधियाना।
जांगपुर गांव में आदमखोर कुत्तों के झुंड ने मासूम रितिक को नोच कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। रितिक की हालत गंभीर बनी हुई है। जब यह हादसा हुआ तब रितिक अपने भाई-बहन के साथ निर्माणाधीन कोठी के आंगन में खेल रहा था। बताया जा रहा है कि खूंखार कुत्ते उसे घसीट कर ले गए, जब तक उसे छुड़ाया गया कुत्ते उसके शरीर को कई जगह से नोच कर खा चुके थे।
रितिक को मुल्लांपुर के निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है जहां से उसे लुधियाना रेफर कर दिया गया है। पता चला है कि उसके शरीर पर कुत्तों द्वारा काटने से गहरे जख्म हो गए हैं। पीड़ित परिवार प्रवासी है। वह मजदूरी का काम करते है। परिवार में माता-पिता तथा 2 अन्य बच्चे भी शामिल है।
…बेचारी मां भी बिस्तर पर है..?
मां संगीता का ऑपरेशन होने के चलते बिस्तर पर है जिसके चलते तिजोल (पीड़ित बच्चे का पिता) बच्चों को मजदूरी स्थल पर साथ ले गया। तीनों बच्चे निर्माणाधीन कोठी के आंगन में खेल रहे थे कि अचानक हड्डारोड़ी के खूंखार आवारा आदमखोर कुत्तों के झुंड ने हमला कर दिया। कुत्ते रितिक को जबड़ों से घसीटते हुए ले गए। उसके भाई बहन ने चिल्लाना शुरू किया तो वहां लोग इकठ्ठा हो गए। बहुत मुश्किल से लोगों ने रितिक को कुत्तों से छुडाया।
जांगपुर के पूर्व सरपंच सतनाम सिंह ने बताया कि कुत्ते खूंखार और खतरनाक हो चुके हैं और लगातार हमले कर रहे हैं। कुत्ते लोगों के पालतू जानवरों को भी निशाना बना रहे हैं खासकर अकेले बच्चों पर हमले कर रहे हैं। उन्होंने जिला प्रशासन से इन कुत्तों को पकड़ शेल्टर होम भेजने की मांग की है। गौरतलब है कि करीब 8 महीने पूर्व हसनपुर और करीमपुरा गांव में खूंखार आदमखोर हड्डारोड़ी के कुत्तों के झुंड ने 3 मासूम बच्चों की जिंदगी छीन ली थी।

