वरिष्ठ पत्रकार.लुधियाना।
एक महिला को कार चालक ने उड़ा दिया। अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। मामला, लुधियाना शहर के हाईवे का बताया जा रहा है। घटनाक्रम की तस्वीरें सीसीटीवी कैमरा में कैद हो चुकी है। मरने वाली महिला की पहचान स्वीटी अरोड़ा (33) के तौर पर हुई। कार चालक अजमेर सिंह अमृतसर के सुल्तानविंड रोड, आत्मा सिंह नगर का रहने वाला है। मृतक की मां के बयान पर मामला दर्ज कर लिया गया। गिरफ्तारी होना शेष है।
प्राथमिक जांच में पता चला है कि महिला रोजमर्रा की तरह सुबह जिम में व्यायाम करने के लिए घर से निकली थी। रास्ते में पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार कार चालक ने उसे पीछे से टक्कर मार कर उड़ा दिया। महिला सीधी फुटपाथ पर लगे ग्रिल पर टकरा गई। कार चालक ने कार रोकी, उसकी नब्ज देखी तो वहां से कार छोड़कर फरार हो गया।
महिला का भतीजा जोर-जोर शोर मचाने लगा। लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई। खून से लथपथ महिला को अस्पताल लेकर गए, लेकिन, उसने रास्ते में दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव कब्जे में ले लिया। वारदात को अंजाम देने वाले के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया। गिरफ्तारी के लिए एक टीम अमृतसर रवाना हो चुकी है। पता चला है कि मरने वाली महिला के पहले से ही पिता तथा 2 भाईयों की मौत हो चुकी है।