वरिष्ठ पत्रकार.लुधियाना।
लुधियाना में एक मां ने अपनी ममता को ही किसी गैर को बेच दिया। पता चला है कि उसने चंद पैसों की खातिर अपने नवजात बच्चे का ही सौदा कर दिया। इस साजिश में महिला के साथ-साथ आशा वर्कर और सरकारी अस्पताल के स्टाफ ने भी बराबर सहयोग दिया। हालांकि महिला ने अपने पति और पूरे परिवार से झूठ कहा कि उसका बेटा पैदा हुआ था, लेकिन पैदा होते ही उसकी मौत हो गई। इस बात का सदमा पति सह नहीं पाया और उसकी भी मौत हो गई।
कॉल रिकॉर्डिंग से बाहर आया सच
अब लगभग एक महीने बाद इस घटना की सच्चाई सामने आई है। महिला के ससुर के हाथ एक कॉल रिकॉर्डिंग लगी, जिससे सुनकर महिला का झूठ पकड़ा गया। क्योंकि कॉल रिकार्डिंग ने कई राज खोल दिए। कॉल रिकॉर्डिंग से पता चला कि महिला ने पैसों की खातिर बच्चे को बेचा है। पुलिस ने गजराज सिंह (ससुर) की शिकायत पर उसकी बहू रीटा, उसकी मां प्रेमा देवी, आशा वर्कर रेनू, अस्पताल स्टाफ कर्मी कुनाल और राम कुमार के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
पुलिस जांच अधिकारी ने बताया कि आरोपी अभी पुलिस गिरफ्त से बाहर हैं उनकी तलाश में लगातार छापामारी की जा रही है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

