WORLD की सबसे बुजुर्ग 116 वर्षीय इंसान सिस्टर इनाह कैनाबारो का निधन

OLDEST LADIES FILE IMAGE

वरिष्ठ पत्रकार.अंतरराष्ट्रीय डेस्क। 

दुनिया की सबसे बुजुर्ग इंसान सिस्टर इनाह कैनाबारो का बुधवार को 116 वर्ष की आयु में निधन हो गया है। वे कुछ ही हफ्तों में 117 साल की होने वाली थीं। उनकी मौत 30 अप्रैल को हुई। उनके धार्मिक संगठन ने गुरुवार को उनकी मौत की पुष्टि की।


टेरेसियन नन समुदाय ‘द कंपनी ऑफ सेंट टेरेसा ऑफ जीसस’ ने बताया कि सिस्टर कैनाबारो का निधन प्राकृतिक कारणों से उनके घर पर हुआ। उनका अंतिम दर्शन गुरुवार को पोर्टो एलेग्रे में किया जाएगा।


दुनिया भर के सुपर सैंटिनेरियन (सौ वर्ष से अधिक उम्र के लोगों) पर नजर रखने वाली संस्था लॉन्जेवीक्वेस्ट ने जनवरी में उन्हें दुनिया की सबसे बुजुर्ग जीवित व्यक्ति घोषित किया था। उनका जन्म 1908 में हुआ था और वे 27 मई को 117 वर्ष की होने वाली थीं।


सिस्टर इनाह ने फरवरी 2024 में लॉन्जेवीक्वेस्ट द्वारा रिकॉर्ड किए गए एक वीडियो में कहा था कि उनकी लंबी उम्र का रहस्य उनकी कैथोलिक आस्था है। इस वीडियो में वे मुस्कुराते हुए चुटकुले सुनाती हैं। जंगली फूलों की बनाई गई अपनी मिनिएचर पेंटिंग्स दिखाती हैं और ‘हेल मेरी’ प्रार्थना का पाठ करती हैं।


उनके 84 वर्षीय भतीजे ने बताया था कि जब वह छोटी थी तो इतनी दुबली-पतली थीं कि लोग नहीं मानते थे कि वह वयस्क उम्र तक भी जीवित रहेंगी।सिस्टर इनाह के परदादा एक प्रसिद्ध ब्राज़ीली जनरल थे। किशोरावस्था में उन्होंने धार्मिक सेवा की राह चुनी ली थी। एक समर्पित शिक्षिका के रूप में उन्होंने जीवन भर अध्यापन किया। उनके पूर्व छात्रों में ब्राजील के अंतिम सैन्य तानाशाह जनरल जोआओ फिगेरेडो भी शामिल थे।


उनके 110वें जन्मदिन पर पोप फ्रांसिस ने उन्हें सम्मानित किया था। वे अब तक दर्ज की गई दूसरी सबसे उम्रदराज नन थीं, पहले स्थान पर फ्रांस की लुसिल रैंडन थीं, जिनका 2023 में 118 वर्ष की आयु में निधन हुआ।

100% LikesVS
0% Dislikes