वरिष्ठ पत्रकार.अंतरराष्ट्रीय डेस्क।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की हत्या के प्रयास के आरोपी रयान वेस्ली रॉथ ने मुकदमें में अपना पक्ष खुद रखने के लिए एक संघीय न्यायालय से अपील की है। रॉथ ने गुरुवार को अमेरिकी जिला न्यायालय के न्यायाधीश ऐलीन कैनन के समक्ष सुनवाई के दौरान कहा कि वह इस मामले में कोर्ट द्वारा नियुक्त वकीलों को बर्खास्त करना चाहता है और खुद अपना पक्ष रखना चाहता है।
मामले में सुनवाई के दौरान जब न्यायाधीश ने रॉथ से पूछा कि क्या वह चाहते हैं कि वह उनके बचाव के लिए नए वकील नियुक्त करें इस पर रॉथ ने जवाब दिया नहीं। उन्होंने कहा कि मैं स्वयं अपना प्रतिनिधित्व करूंगा। बता दें कि अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि आपराधिक प्रतिवादियों को अदालती कार्यवाही में स्वयं का प्रतिनिधित्व करने का अधिकार है। हालाकि इसके लिए यह जरूरी है कि वे न्यायाधीश को यह दिखा सकें कि वे वकील द्वारा अपना बचाव करवाने के अपने अधिकार को छोड़ने में सक्षम हैं।
कैसे और क्यों मारने का किया था प्रयास
अभियोजकों का दावा है कि रॉथ का इरादा पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को उस वक्त मारने का था, जब वे वेस्ट पाम बीच में ट्रंप इंटरनेशनल गोल्फ क्लब में गोल्फ खेल रहे थे। अभियोजकों के अनुसार, राउथ एक सीलिंग कॉन्ट्रैक्टर है और उसने अपनी किताब में रिपब्लिकन राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप की निंदा की है। अभियोजकों के अनुसार, उसने कुछ महीने पहले अपने एक सहयोगी के पास एक पत्र भी छोड़ा था, जिसमें ट्रंप की हत्या के प्रयास का जिक्र किया था।
अपराधी पर क्या-क्या लगें है आरोप
रॉथ पर राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार की हत्या का प्रयास करने, हिंसा के अपराध को बढ़ावा देने के लिए बंदूक रखने, एक संघीय अधिकारी पर हमला करने, बंदूक और गोला-बारूद रखने वाला अपराधी होने और मिटाए गए सीरियल नंबर वाली बंदूक रखने का आरोप है। साथ रॉथ पर आतंकवाद और हत्या के प्रयास के राज्य स्तरीय आरोप भी हैं। हालंकि, उसने खुद को निर्दोष बताया है। रॉथ का संघीय मुक़दमा सितंबर में शुरू होगा। संघीय अधिकारियों के अनुसार, अगर वह दोषी पाया जाता है, तो उसे आजीवन कारावास की सज़ा हो सकती है।

