वरिष्ठ पत्रकार.अमेरिका।
दुष्कर्म के मामले में अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की गवाही हुई। यह गवाही न्यू हैम्पशायर कॉकस में डोनाल्ड ट्रंप की जीत के बाद हुई। इस दौरान मीडिया से बात करते हुए ट्रंप ने आरोप लगाए कि उनके खिलाफ चल रहे मामले राजनीति से प्रेरित हैं और इनके पीछे डेमोक्रेटिक सरकार का हाथ है। ट्रंप ने कहा कि उन्हें व्हाइट हाउस में वापस आने से रोकने के लिए यह सब किया जा रहा है।
लेखिका जीन कैरोल ने डोनाल्ड ट्रंप पर दुष्कर्म के आरोप लगाए थे। जीन कैरोल ने मानहानि का यह मुकदमा न्यूयॉर्क की फेडरल कोर्ट में दायर किया था, जिसके एवज में डोनाल्ड ट्रंप से एक करोड़ डॉलर मुआवजे की मांग की थी। गुरुवार को इसी मामले में ट्रंप की कोर्ट में गवाही हुई। शुक्रवार को भी इस मामले में सुनवाई होगी। जीन कैरोल ने आरोप लगाया था कि 1990 के दशक में ट्रंप ने मैनहट्टन के बरगडॉर्फ गुडमैन डिपार्टमेंटल स्टोर के ड्रेसिंग रूम में उनके साथ दुष्कर्म किया था।