वरिष्ठ पत्रकार.अबोहर।
नकली नोट छापने के एक मामले में एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। उससे 500, 200 और 100 रुपये के नकली नोट भी हासिल हुए हैं। जांच में खुलासा हुआ है कि वह इन नोटों की आगे सप्लाई करता था। नरेश कुमार उर्फ शंटी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया। नकली नोट का धंधा कथित अपराधी घर से ही चला रहा था।
जानिए, कैसे हुई गिरफ्तारी
अबोहर की जम्मू बस्ती में नगर थाना नंबर-1 की पुलिस को सूचना मिली थी कि जम्मू बस्ती गली नंबर-3 निवासी नरेश कुमार उर्फ शंटी अपने घर में कलर प्रिंटर की मदद से 500, 200 और 100 रुपये के नकली नोट तैयार करता है और उन्हें बाजारों में खपाता है। सूचना के अनुसार आरोपी उस समय नए बन रहे बाईपास सीड फार्म रोड पर किसी को जाली नोट देने के लिए इंतजार कर रहा था। पुलिस ने मौके पर रेड कर आरोपी को काबू कर लिया, जिसके पास से 5200 रुपये की जाली करेंसी बरामद हुई। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया जाएगा ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह कब से जाली करेंसी बना रहा था, इस गिरोह में और कौन-कौन शामिल है और अब तक कितनी नकली मुद्रा सप्लाई की जा चुकी है। पुलिस के अनुसार आरोपी पर पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।

