SNE NETWORK.ABHOR.

अबोहर में अजय का मंगलवार को अंतिम संस्कार कर दिया गया।
संत नगर गोलीकांड में जान गंवाने वाले अजय टांक का मंगलवार शाम को प्रशासन की ओर से लिखित आश्वासन मिलने के बाद मुख्य शिवभूमि में अंतिम संस्कार कर दिया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में वाल्मीकि समाज के लोगों व अन्य लोगों ने पहुंचकर अजय को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

विधायक संदीप जाखड़ भी अंतिम संस्कार में शामिल हुए और परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। जानकारी के अनुसार, मंगलवार को अजय की अंतिम यात्रा शुरू होने के बाद जब शव बाजार नंबर 12 के बाहर पहुंचा तो परिजनों व वाल्मीकि समाज के लोगों ने शव को सड़क पर रखकर धरना शुरू कर दिया। इस दौरान बाजार के चारों तरफ रास्ते बंद कर दिए गए और जिला प्रशासन व सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।
परिजनों की मांग थी कि अंतिम संस्कार से पहले उनकी मांगों को स्वीकार किया जाए। धरने की सूचना मिलने पर फाजिल्का के एसडीएम और एसपी सतिंदर कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों से बातचीत कर उन्हें लिखित आश्वासन दिया कि अजय के परिवार के एक सदस्य को पक्की सरकारी नौकरी दिलवाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन से लिखित भरोसा मिलने के बाद शाम करीब पांच बजे धरना समाप्त कर दिया गया। इसके बाद अजय की अंतिम यात्रा मुख्य शिवभूमि पहुंची, जहां गमगीन माहौल में उसका अंतिम संस्कार किया गया।

बाजार नंबर 12 के मुख्य चौक पर शव रखकर रोष जताते हुए लोग।
गौरतलब है कि संत नगर निवासी अजय कुमार को 27 सितंबर की दोपहर भगवान वाल्मीकि मंदिर के बाहर गोली मार दी गई थी। बताया गया कि वह मंदिर में आयोजित एक बैठक के बाद बाहर निकले थे, तभी हमलावरों ने उन पर फायरिंग कर दी।
गोली उनके पेट में लगी थी। गंभीर हालत में उन्हें पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया। बाद में उन्हें फरीदकोट और फिर लुधियाना में उपचार के लिए भर्ती करवाया गया। करीब 22 दिन तक जिंदगी और मौत से जूझने के बाद 19 अक्टूबर को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

अजय कुमार के संस्कार के दौरान शमशानघाट में मौजूद विधायक संदीप जाखड़ व अन्य।
अजय की मौत के बाद परिजनों और वाल्मीकि समाज के लोगों ने आरोपियों की गिरफ्तारी और निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर अबोहर सिविल अस्पताल की मोर्चरी के बाहर धरना शुरू कर दिया था। परिवार ने स्पष्ट कर दिया था कि जब तक उन्हें इंसाफ नहीं मिलता, वे पोस्टमॉर्टम और अंतिम संस्कार नहीं करवाएंगे। परिजनों ने पुलिस जांच पर सवाल उठाते हुए सीबीआई जांच की मांग भी की थी।
पुलिस कार्रवाई से असंतुष्ट होकर अजय की मां और पत्नी ने हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। परिवार ने पोस्टमॉर्टम पीजीआई के डॉक्टरों के मेडिकल बोर्ड से करवाने और जांच किसी स्वतंत्र एजेंसी को सौंपने की मांग की थी। अदालत के निर्देश पर 7 नवंबर को अजय के शव को अबोहर सिविल अस्पताल की मोर्चरी से पीजीआई चंडीगढ़ ले जाया गया, जहां मेडिकल बोर्ड ने पोस्टमार्टम किया। अदालत ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट अगली सुनवाई से पहले पेश करने के निर्देश भी दिए हैं। मामले की अगली सुनवाई 21 दिसंबर को निर्धारित है।

अजय की मौत के बाद परिजनों और वाल्मीकि समाज के लोगों ने आरोपियों की गिरफ्तारी और निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए।###UK###CANADA###USA###PUNJAB###ABHOR###BHEEM-TANG###AUSTRALIA###NEWZEALAND###GERMANY###ITLAY###FRANCE###SINGAPORE###

