वरिष्ठ पत्रकार.बटाला /गुरदासपुर/ चंडीगढ़।
असम की जेल में बंद गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया द्वारा अपनी मां की हत्या का बदला लेने की योजना को पुलिस ने नाकाम कर दिया है। पता चला है कि उसने जेल में टारगेट की पहचान कर शूटरों को फोटो तक पहुंचा दी थी। लेकिन इससे पहले बटाला और अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसके 5 गुर्गों को गिरफ्तार कर लिया। इस पूरे मॉड्यूल का संचालन अमेरिका में बैठा हुस्न दीप सिंह कर रहा था। इस बात की पुष्टि, पुलिस के शीर्ष अधिकारी ने मीडिया के समक्ष की।
..जानिए, कैसे योजना का हुआ पर्दाफाश
आरोपियों में पहले महक प्रीत सिंह को गिरफ्तार किया गया, उसके बाद उसकी पूछताछ के बाद सभी आरोपी पकड़ लिए गए। आरोपियों में सिकंदर कुमार उर्फ गोला, ओंकार प्रीत उर्फ जस्सन, गांव शाहाबाद, गगनदीप उर्फ ज्ञानी और लवप्रीत सिंह शामिल हैं। इस दौरान दो आधुनिक हथियार, पांच एक्स-फाइव पिस्तौल और एक .32 बोर हथियार बरामद किए गए हैं। प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि लवप्रीत सिंह ने खुलासा किया है कि पूरी साजिश का संचालन जग्गू के करीबी सहयोगी हुस्न दीप सिंह द्वारा अमेरिका से किया जा रहा था। पुलिस थाना रंगड नंगल, बटाला में एक एफआईआर दर्ज की गई है।
...अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क की अहम भूमिका
इस साजिश के पीछे के अंतरराष्ट्रीय संचालकों का पता लगाने और व्यापक अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए आगे की जांच जारी है। याद रहे कि जग्गू भगवानपुरिया की मां हरजीत कौर की हत्या उसके कजिन द्वारा की गई थी।
जानिए, एसएसपी कासिम क्या बोले….?
एसएसपी बटाला सोहेल मीर कासिम ने बताया कि जग्गू ने जेल के भीतर से सारा प्लान बनाया था। गुर्गों को अमेरिका में बैठे हुस्न दीप सिंह ने सारी सुविधाएं मुहैया करवाई थीं, जिसमें हथियार से लेकर बाइक तक शामिल हैं। सारे आरोपी हुस्न दीप के गांव शाहाबाद, बटाला के रहने वाले थे। जांच में पता चला है कि इनका निशाना उनकी विरोधी गैंग का सदस्य था।

