….एक बार फिर से पंजाब की जांबाज पुलिस ने पाक के नापाक इरादों को किया नाकाम….डीजीपी ने गुरदासपुर पुलिस की प्रशंसा की
स्पेशल रिपोर्ट विजय शर्मा/दीनानगर/गुरदासपुर।
पंजाब पुलिस हमेशा से ही अपनी जांबाजी, बहादुरी की वजह से पूरे विश्व में चर्चा में रहती है। इस बार फिर जिला गुरदासपुर के अधीन दीनानगर पुलिस ने पाकिस्तान के नापाक मंसूबों को नाकाम कर दिया। दीनानगर से सुखविंदर सिंह को 1 किलोग्राम आरडीएक्स, दो हैंड ग्रेनेड समेत गिरफ्तार किया।
प्राथमिक जांच में पकड़े गए आतंकी के पाक तस्करों के साथ तार जुड़ रहे है। पिछले दिनों पठानकोट ग्रेनेड धमाका में भी इसकी संलिप्तता सामने आने की आशंका जताई जा रही है। क्योंकि, जिस आरडीएक्स तथा ग्रेनेड को बरामद किया गया। वह समान उस धामाका में इस्तेमाल ग्रेनेड के साथ मेल खा रहा है, जबकि अभी तक इस बारे पुलिस के किसी बड़े अधिकारी ने आधिकारिक पुष्टि नहीं की।
जानकारी मिल रही है कि सुखविंदर सिंह को पंजाब दहलाने के लिए जिम्मेदारी सौंपी गई थी। जबकि , पंजाब पुलिस की जांबाज टीम उसकी नापाक हरकत को अंजाम देने से पहले पहुंच गई। बताया जा रहा है कि कथित अपराधी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया। न्यायिक हिरासत लेकर बड़ा खुलासा होने का पुलिस दावा कर रही है।
आशंका धार्मिक स्थल थे निशाने पर
आशंका, इस बात की जताई जा रही है कि कथित अपराधी के निशाने पर पंजाब के कई धार्मिक स्थल थे। किन-किन पर उसका हमले का मकसद था। इस बारे में पुलिस तथा सुरक्षा एजेंसियां जांच में जुट गई है। पता लगाया जा रहा है कि उसके साथ अन्य कौन-कौन साथी शामिल थे। उनका अगला टारगेट क्या था किन-किन के इशारे पर अपने लक्ष्य को अंजाम देना था।
गर्म ख्याली विचारों का सुखविंदर
पता चला है कि सुखविंदर सिंह गर्म ख्याली विचारों का है। इसका कनेक्शन पाक तस्करों के साथ कैसे जुड़ गया। उस बारे पता लगाने के लिए पुलिस कथित अपराधी का मोबाइल अपने कब्जे में ले लिया। काल डिटेल तथा व्हाट्सएप बातचीत का पता लगाया जा रहा है कि किन-किन तस्करों तथा पाक पार लोगों से बात होती रही है। इस बारे पता लगा कर अगला टारगेट क्या है, इसके बारे पता लगाया जा सके।
फेसबुक आईडी की हो रही पड़ताल
पुलिस के विश्वसनीय सूत्रों से पता चला है कि सुखविंदर सिंह के फेसबुक आईडी चेक की जा रही है। उसमें पता लगाया जा रहा है कि इसका संपर्क किन-किन लोगों के साथ फेसबुक में रहा है। पाकिस्तान संपर्क का भी पता लगाया जा रहा है। पठानकोट ग्रेनेड बम धमाका के तार भी इस केस के साथ जोड़ कर पता लगाया जा रहा है कि कहीं, इसने तो नहीं उस घटना में अंजाम दिया था।
एनआईए टीम पहुंच सकती है कभी भी
चूंकि मामला आतंकी घटनाक्रम से जुड़ा है। इसलिए, इस मामले को लेकर राष्ट्रीय जांच ब्यूरो (एनआईए) टीम कभी भी गुरदासपुर में पहुंच सकती है। फिलहाल, इस बारे किसी प्रकार से आधिकारिक तौर पर जानकारी हासिल नहीं हो पाई। पिछले दिनों जितने पंजाब में आतंकियों से ग्रेनेड बरामद हुए, उन सभी केस की एनआईए ही जांच कर रही है।