VIKAS KAUDA.BATALA/GURDASPUR.

नवां पिंड झावर के पास एक सड़क हादसे में 2 चचेरे भाइयों की मौत हो गई। यह हादसा तेज रफ्तार मिट्टी से भरी ट्रैक्टर-ट्राली और मोटरसाइकिल की टक्कर से हुआ। इसमें मोटरसाइकिल पर सवार एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतकों की पहचान मनप्रीत (11) और हरप्रीत (10) के रूप में हुई है। थाना तिब्बड़ पुलिस ने इस मामले में 2 आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

मृतक बच्चों की फोटो।
बता दे कि हादसे के बाद आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर परिजनों ने शुक्रवार दोपहर 2.30 बजे बब्बरी बाइपास पर धरना प्रदर्शन किया। मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे। करीब एक घंटे के बाद पुलिस अधिकारियों ने स्वजनों को समझा-बुझाकर धरना समाप्त कराया।

प्रदर्शन करते लोगों की फोटो।
झावर निवासी रिंपू ने बताया कि मनप्रीत और हरप्रीत की परीक्षाएं चल रही थीं। दोनों बच्चे ड्राइंग की परीक्षा के लिए नए कलर लेने की जिद कर रहे थे। इसी कारण मनजिंदर कुमार उन्हें मोटरसाइकिल पर लेकर पास की दुकान से कलर लेने निकले थे, तभी यह हादसा हुआ। इस दौरान दोनों बच्चे ट्राली के टायर के नीचे आ गए, जिनकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मनजिंदर कुमार गंभीर रूप से जख्मी हो गया।

