वरिष्ठ पत्रकार.लुधियाना।
लुधियाना में हीरो रियलिटी प्राइवेट लिमिटेड के डायरेक्टर सुनील कांत मुंजाल और सेल्स हेड निखिल जैन के खिलाफ दर्ज की गई है। मामला फ्लैट्स के नाम पर धोखाधड़ी का है। थाना सराभा नगर में मामला दर्ज किया गया। उन पर फ्लैट्स देने के लिए 2.40 करोड़ रुपए की धोखाधड़ी का आरोप लगा हैं। फिलहाल, गिरफ्तारी की कोई पुष्टि नहीं हुई।
..जानिए, क्या है पूरा मामला
दर्ज कराई गई एफआईआर में शिकायतकर्ता का आरोप है कि कंपनी ने 4 फ्लैट्स के नाम पर 2.40 करोड़ रुपए ले लिए, लेकिन समय से काम पूरा नहीं किया। जब उसने शिकायत की तो कोई सुनवाई नहीं हुई। इससे उसे मानसिक और आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। फिलहाल, शिकायत पर पुलिस ने कंपनी के डायरेक्टर और सेल्स हेड के खिलाफ धोखाधड़ी और आपराधिक साजिश के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।
लुधियाना के न्यू माधोपुरी निवासी फालिताश जैन ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उन्होंने हीरो होम्स, लुधियाना प्रोजेक्ट में कंपनी से चार 4 फ्लैट खरीदे थे। फ्लैट खरीदने के लिए कंपनी हीरो रियल्टी प्राइवेट लिमिटेड दफ्तर ओखला इंडस्ट्रियल एस्टेट नई दिल्ली में करीब 2 करोड़ 41 लाख 13 हजार 602 रुपए का भुगतान किया था। इसकी सभी रसीदें भी उसके पास है। फालिताश जैन का आरोप है कि कंपनी ने पूरी रकम हासिल करने के बावजूद फ्लैट्स का निर्माण कार्य पूरा नहीं किया। इस तरह कंपनी ने उनके साथ साजिश के तहत धोखाधड़ी की।
फालिताश जैन ने इस मामले की शिकायत पुलिस के सीनियर अधिकारियों को दी। उसके बाद पुलिस ने मामले की जांच की और उसके बाद कंपनी के डायरेक्टर सुनील कांत मुंजाल और सेल्स हेड निखिल जैन के खिलाफ आईपीसी की धारा 406 (अमानत में खयानत), 420 (धोखाधड़ी) और 120-B (आपराधिक साजिश) के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।

