SNE NETWORK.LUDHIANA.
लुधियाना में नाबालिगों को प्रेम जाल में फंसाकर अगवा करने की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रहीं। राहों रोड इलाके में 13 वर्षीय किशोरी को शादी का झांसा देकर अगवा कर बंधक बनाने का मामला सामने आया है। पीड़िता की सूझबूझ और परिजनों की तत्परता से उसे सुरक्षित छुड़ा लिया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता की मां के अनुसार 15 अक्तूबर 2025 को आरोपी प्रिंस ने पेट्रोल पंप के पास किशोरी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। वह उसे लुधियाना रेलवे स्टेशन ले गया और पहचान छिपाने के लिए ट्रेन से फिल्लौर पहुंचा। कुछ समय बाद आरोपी उसे वापस लुधियाना लाया और राहों रोड स्थित इंदिरा कॉलोनी की गली नंबर पांच में एक कमरे में बंधक बनाकर रखा।
बंधक के दौरान किशोरी ने मौका पाकर मां को फोन किया और अपनी लोकेशन बता दी। सूचना मिलते ही मां मौके पर पहुंची और 16 अक्तूबर तड़के करीब छह बजे बेटी को छुड़ा लिया। परिवार ने अब पुलिस में शिकायत दी है। मेहरबान थाना पुलिस ने आरोपी प्रिंस के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। एसएचओ इंस्पेक्टर जगदीप सिंह के अनुसार आरोपी की तलाश जारी है और जल्द गिरफ्तारी होगी।

