SNE NETWORK.LUDHIANA.

घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया। लेकिन उसकी मौत हो गई। इनसेट में युवक मोहम्मद कैफ की फोटो (IMAGE/VIDEO-CREDIT-BY-SNE-NEWS)
लुधियाना के जोधां इलाके में देर रात पटाखा फैक्ट्री में ब्लास्ट हो गया। इससे बिल्डिंग गिर गई। हादसे में युवक की मौत हो गई, जबकि एक लड़की घायल हो गई। ब्लास्ट की सूचना मिलते ही अलग-अलग विभागों की टीमें मौके पर पहुंचीं। सेना के अधिकारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। हालांकि तब तक प्रशासन और स्थानीय लोगों ने लेंटर के नीचे दबे युवक को जेसीबी की मदद से निकाला और सिविल अस्पताल भेज दिया। अस्पताल पहुंचने तक उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान मोहम्मद कैफ (18) के रूप में हुई है।
मृतक के पिता जमील ने कहा कि शाम के वक्त अचानक आंधी चली। इसी दौरान आसमानी बिजली गिरी। जिससे शॉर्ट सर्किट हो गया और फिर बिजली बंद हो गई। इसी बीच फिर सिलेंडर फट गया। जिससे धमाका हुआ।

घायल लड़की को एंबुलेंस में सिविल अस्पताल लाया गया। (IMAGE/VIDEO-CREDIT-BY-SNE-NEWS)
वहीं, सेना व प्रशासनिक अधिकारियों ने कहा है कि पटाखे के केमिकल में ब्लास्ट होने से यह हादसा हुआ है। अंदर भारी मात्रा में पोटाश (विस्फोटक) पदार्थ पड़ा है। सेना के अधिकारी पुष्प राज ने बताया कि विस्फोटक पदार्थ होने की वजह से उनकी टीम आई। सेना के अधिकारी ने कहा कि अंधेरा होने और बिल्डिंग गिरने के कारण रात को ज्यादा काम नहीं हो पाया। पुलिस अपना काम कर रही है। हम अपना काम करेंगे।

सेना के अधिकारी पुष्प राज जानकारी देते हुए। (IMAGE/VIDEO-CREDIT-BY-SNE-NEWS)
रात को जब घटना हुई तो परिवार के लोग अलग-अलग बयान दे रहे थे। नौशाद ने कहा कि उनकी बेटी रोटी बना रही थी तो सिलेंडर में ब्लास्ट हुआ। उसके बाद छत गिर गई। वहीं जमील का कहना है कि तेज आंधी आई। इस दौरान आसामानी बिजली गिरी, शॉर्ट सर्किट हुआ और फिर सिलेंडर में ब्लास्ट हुआ। उससे केमिकल को भी आग लग गई।
जानकारी के अनुसार यह बिल्डिंग पटाखा बनाने वाली फैक्ट्री के मालिक ने किराए पर ली है। बिल्डिंग का मालिक NRI है। फैक्ट्री मालिक ने फैक्ट्री में काम करने वालों को अंदर ही रहने के लिए जगह दी थी।

पूरी बिल्डिंग में पोटाश पड़ा मिला। (IMAGE/VIDEO-CREDIT-BY-SNE-NEWS)
फायर अफसर रजिंदर ने कहा कि रात 8:20 बजे कॉल आई थी कि जोधां सरकारी स्कूल के पास बिल्डिंग में ब्लास्ट हो गया है और बिल्डिंग गिर गई। हम टीम लेकर आए। मुल्लापुर से फायर टीम आई। जब हम मौके पर आए तो उस समय गांव के लोग रेस्क्यू करने में लगे थे। एक बंदे को उन्होंने नीचे से निकाल दिया था। उसे लुधियाना के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। एक लड़की के सिर पर चोट लगी है। तहसीलदार कर्मजीत सिंह ने बताया कि बिल्डिंग में 17 से 18 लोग थे। पोटाश से पूरी इमारत भरी हुई थी। यह रिहायशी बिल्डिंग थी और इसमें पटाखे बनाए जा रहे थे। फैक्ट्री मालिक अभी सामने नहीं आया है। उन्होंने कहा कि जांच की जा रही है कि फैक्ट्री का लाइसेंस है या नहीं। अगर बिना लाइसेंस के काम किया जा रहा होगा तो फैक्ट्री मालिक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। ###UK##BLAST-NEWS###PUNJAB###INDIA###

