SNE NETWORK.HALWARA/LUDHIANA.
गांव राजोआणा कलां स्थित ऐतिहासिक गुरुद्वारा मंजी साहिब में नकाबपोश हमलावरों ने गोलियां चला दीं। हमलावर बाइक पर आये थे और मोड़ पर बाइक छुपाकर गुरुद्वारा परिसर में दाखिल हुए और गोलियां चलाकर फरार हो गए। 2 दिनों के भीतर 2 गुरुद्वारा साहिब में फायरिंग की इन घटनाओं ने पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। हालांकि, दोनों घटनाओं के बीच किसी संगठित साजिश का संबंध है या नहीं, यह जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।
बाबा बलदेव सिंह के कमरे में मौजूद न होने के कारण उनकी जान बच गई
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, गुरुद्वारा मंजी साहिब के मुख्य प्रबंधक संत बाबा बलदेव सिंह उस समय इशनान करने गए हुए थे। इसी दौरान 2 नकाबपोश व्यक्ति गुरुद्वारा परिसर में दाखिल हुए और उनके कमरे को निशाना बनाते हुए कई राउंड फायरिंग कर फरार हो गए। घटना के समय गुरुद्वारा साहिब में कुछ श्रद्धालुओं और अन्य लोगों की मौजूदगी की भी जानकारी सामने आई है। गनीमत रही कि गोलीबारी में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। बाबा बलदेव सिंह के कमरे में मौजूद न होने के कारण उनकी जान बच गई।
वारदात के पीछे के कारणों का पता लगाने में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही SSP डॉ. अंकुर गुप्ता, एसपी (डी) राजन शर्मा सहित विभिन्न DSP, फॉरेंसिक विशेषज्ञों और साइबर क्राइम टीमों के मौके पर पहुंचने की जानकारी सामने आई है। पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने, हमलावरों की पहचान करने और वारदात के पीछे के कारणों का पता लगाने में जुटी है।

