वरिष्ठ पत्रकार.हलवारा.लुधियाना।
गांव छपार में पुलिस मुलाजिम पर हमला हुआ है। यह मामला तब हुआ, जब चौकी का मुंशी झगड़ा सुलझाने के लिए गांव पहुंचा था। बताया जा रहा है कि मुंशी (सिपाही) कुलविंदर सिंह पर भरी पंचायत में हमला कर उसकी वर्दी भी फाड़ दी गई। पुलिस ने 2 आरोपियों पर मामला दर्ज किया है। मुलाजिम के साथ मारपीट करने का आरोपी सतवीर सिंह उर्फ विक्की है, जो गांव के पंच महेंद्र सिंह का बेटा है। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश के लिए पुलिस दबिश दे रही है। मामला, पंजाब के लुधियाना में स्थित हलवारा क्षेत्र से जुड़ा है।
जानिए, क्या था पूरा मामला
छपार चौकी इंचार्ज काबल सिंह ने बताया कि सरपंच कुलदीप सिंह के फोन पर पहुंचे सिपाही कुलविंदर सिंह ने दोनों पक्षों को शांति बनाए रखने की अपील की। इसी दौरान सतवीर सिंह ने अपने पड़ोसी हरपाल सिंह के साथ मारपीट करने लगा। रोकने की कोशिश करने पर सतवीर सिंह ने पुलिस मुलाजिम कुलविंदर सिंह को भी थप्पड़ जड़ दिए। आरोपी ने सिपाही कुलविंदर का गला दबाकर जान से मारने की कोशिश की और वर्दी तक फाड़ दी। इतना ही नहीं गाली-गलौच और धमकियां भी दीं।
घायल सिपाही अस्पताल में भर्ती
मारपीट से घायल सिपाही कुलविंदर सिंह को इलाज सरकारी अस्पताल पक्खोवाल में भर्ती किया गया है। जोधां पुलिस ने जांच के बाद आरोपी सतवीर सिंह और एक अज्ञात व्यक्ति पर बीएनएस की धारा 115(2), 221, 132, 121(1), 351(3), 296, 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

