वरिष्ठ पत्रकार.लुधियाना।
पंजाब के लुधियाना में एक 34 वर्षीय उज्बेकिस्तान की महिला पर फायरिंग का मामला सामने आया।पक्खोवाल रोड पर उसके 2 दोस्तों ने ही उसे गोली मार दी। वजह ये थी कि उसने ड्राइव पर जाने से इनकार कर दिया था। महिला को सीने में गोली लगी है। महिला का प्राइवेट अस्पताल में इलाज चल रहा है। थाना सदर की पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भी भेज दिया गया है।
पीड़िता की पहचान उज्बेकिस्तान की निवासी असलिगुन स्पारोवा के रूप में हुई है, जो पिछले एक साल से भारत में रह रही है। उसने पुलिस को बताया कि घटना 11 दिसंबर को पक्खोवाल रोड पर एक होटल के पास हुई। स्पुर्वा जो पिछले छह महीनों से गांव दाद के एक होटल में रह रही है, उसने पुलिस को बताया कि उसका परिचित बलविंदर सिंह अपने दोस्त हरजिंदर सिंह के साथ कार में उससे मिलने आया था। इसके बाद वो उससे जबरन कार में चलने को कह रहा था।महिला ने जब उसे मना किया तो बलविंदर ने कार के डैशबोर्ड से एक रिवॉल्वर निकाली और उसे धमकी दी कि अगर उसने बात नहीं मानी तो वह उसे मार देगा। जब स्पारोवा ने मना किया तो आरोपी ने फायर कर दिया।
आरोपियों की पहचान फरीदकोट के न्यू हरिंद्र नगर के निवासी बलविंदर सिंह और लुधियाना के मोहल्ला रघुबीर पार्क जस्सियां रोड के हरजिंदर सिंह के रूप में हुई है। महिला की शिकायत के आधार पर सदर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109 (हत्या का प्रयास), 3(5) (सामान्य इरादे को आगे बढ़ाने में कई लोगों द्वारा किए गए कार्य), 351(3) (आपराधिक धमकी, विशेष रूप से मौत की धमकी, गंभीर चोट) के तहत मामला दर्ज किया है। दोनों आरोपी बलविंदर सिंह और हरजिंदर सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है।

