वरिष्ठ पत्रकार.लुधियाना।
देश के प्रतिष्ठित उद्योगपतियों में शामिल वर्धमान ग्रुप के मालिक श्रीपाल ओसवाल के साथ 7 करोड़ रुपये की ठगी मामले में लुधियाना पुलिस के हाथ बड़ी कामयाबी लगी है। इस ठगी मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान असम के गुवाहाटी बीके काकोटी रोड निवासी अतनु चौधरी के रूप में हुई है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर उसके साथियों का पता लगाने में जुटी है।
जानिए, क्या था पूरा मामला
आरोपियों ने नकली सीबीआई अधिकारी बन साइबर ठगों द्वारा वर्धमान ग्रुप के मालिक श्रीपाल ओसवाल को डिजिटल अरेस्ट किया था। इसके बाद उन्हें सुप्रीम कोर्ट के जाली अरेस्ट वारंट दिखाकर डराया और 7 करोड़ रुपये की ठगी की थी। आरोपियों ने श्रीपाल ओसवाल को इस कदर डरा दिया कि वह कुछ भी नहीं कर सके। आरोपियों ने पूरे फिल्मी स्टाइल में उन्हें डिजिटल अरेस्ट किया और कोर्ट में पेश भी डिजिटल तरीके से किया। उसके बाद आरोपियों ने उनके खाते से 7 करोड़ रुपये ट्रांसफर करवा लिए। जब तक श्रीपाल ओसवाल को कुछ पता चलता उनके साथ धोखाधड़ी हो चुकी थी।
…ऐसे पहुंची पुलिस के पास शिकायत
पुलिस के पास शिकायत पहुंची तो इतनी बड़ी धोखाधड़ी सुन पुलिस भी हैरान रह गई। पुलिस की साइबर सेल की टीम ने मामले की जांच गंभीरता से की और आरोपियों का पता लगाया। पता चला कि आरोपी गुवाहाटी के हैं तो आरोपियों का पता लगा साइबर सेल के पूर्व इंचार्ज इंस्पेक्टर जितेंद्र सिंह ने टीम के साथ गुवाहाटी पुलिस से संपर्क किया और 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया था। जब उन्हें गुवाहाटी अदालत में पेश किया तो उन्हें अदालत ने कंडीशन बेल दे दी।
पुलिस की लगातार जांच चलती रही
लुधियाना पुलिस की जांच लगातार चलती रही। आरोपियों ने कंडीशन बेल में वायलेशन की और अदालत ने बेल रिजेक्ट कर दी। पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट में आरोपियों ने बेल लगाई तो वहां से भी बेल रिजेक्ट हो गई। इसके बाद कमिश्नरेट पुलिस की एक टीम आरोपियों को गिरफ्तार करने गई तो अतनु चौधरी पुलिस के हत्थे चढ़ गया, जबकि बाकी आरोपी फरार है।
एसीपी ने दी महत्वपूर्ण जानकारी
एसीपी मुराद जसवीर सिंह गिल ने बताया कि जो दूसरे आरोपी को कंडिशनल बेल मिली थी वह भी फरार है। इसके अलावा पुलिस ने 8 आरोपियों की पहचान कर ली है। जो अलग-अलग राज्यों के रहने वाले हैं। पुलिस उन राज्यों की पुलिस के साथ संपर्क कर फरार आरोपियों का पता लगाने में जुटी है। उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।