वरिष्ठ पत्रकार.जगरांव.लुधियाना।
दिनदहाड़े कबड्डी खिलाड़ी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना, हरि सिंह अस्पताल रोड पर हुई। हैरान करने वाली बात यह है कि जिस जगह यह वारदात हुई वहां से एसएसपी कार्यालय से महज कुछ ही दूरी पर है। मृतक की पहचान गांव गिद्दड़विंडी के रहने वाले 26 वर्षीय कबड्डी खिलाड़ी तेजपाल सिंह के तौर पर हुई है। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है। मामला, पंजाब के लुधियाना के जगरांव से जुड़ा है।
पुरानी रंजिश का लग रहा मामला
जानकारी के अनुसार बेट क्षेत्र के गांव गिद्दड़विंडी का रहने वाला तेजपाल सिंह अपने दो अन्य दोस्तों के साथ हरि सिंह रोड स्थित फैक्टरी के पास जा रहा था। वहां उसका पुरानी रंजिश के चलते झगड़ा हो गया। तेजपाल और उसके साथियों से भिड़ते हुए दूसरे गुट के एक युवक ने तेजपाल के सीने पर गोली मार दी। खून से लथपथ तेजपाल को उसके साथी गाड़ी में सिविल अस्पताल ले गए, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। थाना सिटी और सीआईए स्टाफ के अधिकारियों समेत पुलिस की टीमें वहां पहुंची। पुलिस ने आरोपियों की धरपकड़ के लिए छापेमारी शुरू कर दी है।

