SNE NETWORK.LUDHIANA.

प्रदीप सिंह, मृतक – फोटो : फाइल फोटो
रायकोट रोड स्थित नजदीकी गांव ढोलन के 24 वर्षीय युवक की दुबई में दिल का दौरा पड़ने से मौत हो जाने का दुखद समाचार सामने आया है। घटना की सूचना मिलते ही पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
मृतक की पहचान प्रदीप सिंह पुत्र जगदीश सिंह निवासी गांव ढोलन के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि प्रदीप सिंह महज 15 दिन पहले ही रोज़गार की तलाश में दुबई गया था। परिवार को उम्मीद थी कि विदेश जाकर वह मेहनत कर घर की आर्थिक स्थिति बेहतर बनाएगा, लेकिन अचानक आई इस दुखद खबर ने परिवार समेत पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया।
घटना संबंधी जानकारी देते हुए गांव के पूर्व पंच करमजीत सिंह ढोलन ने बताया कि प्रदीप सिंह एक मजदूर परिवार से संबंध रखता था और घर की गरीबी दूर करने के लिए संघर्ष कर रहा था। उन्होंने बताया कि दुबई पहुंचने के कुछ दिनों बाद ही कंपनी की ओर से करीब तीन दिन पहले उसके पिता को फोन कर सूचना दी गई कि प्रदीप सिंह की दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई है। इसके बाद आज उसका पार्थिव शरीर गांव पहुंचा।
उन्होंने बताया कि परिवार पहले से ही कठिन परिस्थितियों से गुजर रहा है। जानकारी के अनुसार, प्रदीप सिंह का परिवार गांव में दूध बेचने का काम करता है और बेहद साधारण जीवन व्यतीत कर रहा है। परिवार पर पहले ही दुखों का पहाड़ टूट चुका है, क्योंकि प्रदीप सिंह के दो भाइयों की भी पहले ही मौत हो चुकी है। अब तीसरे बेटे की असमय मौत ने परिवार को पूरी तरह से तोड़ कर रख दिया है।

