SNE NETWORK.LUDHIANA.
लुधियाना के हलवारा नाबालिग के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। 14 वर्षीय नाबालिग के साथ पड़ोस में रहने वाले युवक ने दुष्कर्म किया है। आरोपी हनी सिंह (19) को थाना सुधार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ पोक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। जिस हाल में परिवार को पीड़िता मिली उसे देखते ही उनकी चीखें निकल गई। क्योंकि पीड़िता लहूलुहान हालत में बेहोश पड़ी थी।
जानकारी के अनुसार हनी सिंह पीड़िता का पड़ोसी है। बुधवार रात छत पर किसी काम से गई पीड़िता को हनी ने पकड़ लिया और उसका मुंह कपड़े से बांध दिया ताकि उसके चीखने-चिल्लाने की आवाज कोई सुन ना सके। आरोपी ने पीड़िता के साथ जबरदस्ती दुष्कर्म किया और किसी को कुछ बताने बताने पर जान से मारने की धमकी दी। दुष्कर्म करने के बाद बेखौफ आरोपी अपने घर चला गया। जब काफी देर तक पीड़िता छत से नीचे नहीं आई तो परिवार ने उसकी तलाश शुरू की। छत पर जाकर देखा तो परिवार के पांव तले से जमीन खिसक गई। खून से लथपथ पीड़िता बेसुध पड़ी थी। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया जहां होश आने पर उसने परिवार को सब कुछ बता दिया।
थाना सुधार को सूचित किया गया और महिला पुलिसकर्मी उसका मेडिकल करवाने अस्पताल ले गए। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर गुरदीप सिंह ने बताया कि आरोपी हनी सिंह को गिरफ्तार करके पोक्सो एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है। रायकोट सिविल अस्पताल में डॉक्टर नहीं मिलने के कारण पीड़िता को मेडिकल के लिए लुधियाना ले जाया गया है। परिजनों ने बताया कि पीड़िता दर्द से कराह रही है। उन्होंने आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

