SNE NETWORK.LUDHIANA.
रिश्तों की गर्माहट और भाई-बहन के अटूट प्रेम की एक भावुक मिसाल शहर में देखने को मिली, जहां दो भाइयों ने अपनी इकलौती बहन को 175 गज का घर गिफ्ट कर दिया। करीब 50 लाख रुपये कीमत के इस घर को उन्होंने सरप्राइज अंदाज में बहन को सौंपा, जिसे देखकर वह खुद को रोक नहीं सकी और फूट-फूटकर रो पड़ी।
जानकारी के अनुसार अमर देवगन और देव देवगन ने अपनी बहन मनप्रीत कौर बिरदी के लिए यह खास तोहफा लंबे समय से प्लान किया था। दोनों भाइयों ने ढोल-नगाड़ों के साथ परिवार और रिश्तेदारों के बीच बहन को घर तक लेकर पहुंचे। जब घर के बाहर लगी नेम प्लेट से कागज हटाया गया और उस पर मनप्रीत का नाम सामने आया, तो यह पल सभी के लिए बेहद भावुक बन गया।
मनप्रीत शादीशुदा हैं और उनके पति होम लोन विभाग में मैनेजर हैं। हालांकि उनके पास पहले से दो प्रॉपर्टी हैं, लेकिन भाइयों का कहना है कि वे चाहते थे कि बहन को मायके की ओर से भी एक खास और यादगार तोहफा मिले। देव ने बताया कि इससे पहले रक्षाबंधन पर उन्होंने बहन को एक्टिवा और 19 मई 2025 को उसकी मैरिज एनिवर्सरी पर ब्रेजा कार गिफ्ट की थी। घर देने की योजना वे पिछले पांच साल से बना रहे थे, जो अब जाकर पूरी हुई।
परिवार में दो भाई, एक बहन और मां हैं। वर्ष 2007 में पिता के निधन के बाद दोनों भाइयों ने यह संकल्प लिया था कि वे बहन को कभी मायके की कमी महसूस नहीं होने देंगे। इसी भावना के चलते उन्होंने यह बड़ा कदम उठाया। यह सरप्राइज बेहद खास तरीके से प्लान किया गया था। 5 मई को देव की मैरिज एनिवर्सरी के मौके पर घर में पाठ रखा गया। इसके बाद गिफ्ट देने के बहाने बहन को साथ लेकर कोट मंगल सिंह इलाके में घर के पास पहुंचा गया, जहां असली सरप्राइज उनका इंतजार कर रहा था।
अमर और देव देवगन लुधियाना के रहने वाले डिजिटल कंटेंट क्रिएटर और कलाकार हैं। दोनों पंजाबी वेब सीरीज और पारिवारिक विषयों पर आधारित कंटेंट बनाते हैं। अमर सामाजिक मुद्दों और ग्रामीण जीवन पर आधारित शॉर्ट फिल्में बना चुके हैं, जबकि देव 2016 में टीवी रियलिटी शो बिग बॉस सीजन 10 में कॉमनर कंटेस्टेंट के रूप में हिस्सा ले चुके हैं। इस पूरे घटनाक्रम ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि सच्चे रिश्तों की कीमत किसी भी संपत्ति से कहीं ज्यादा होती है।

