वरिष्ठ पत्रकार.लुधियाना।
मॉल रोड पर कुछ युवकों ने एक वकील को पीट दिया। वह स्कूटी से जा रहा था। रॉन्ग साइड से आकर उसकी स्कूटी को एक युवक ने कार से टक्कर मारी थी। वकील का आरोप है कि युवक ने अपने लोगों को बुलाकर पिटवाया और उसकी पगड़ी उतार दी, बाल भी नोचे। इतना ही नहीं, आरोपी ने उसे पुलिसवाला होने की धौंस दिखाई। उसने कहा कि उसका मामा डीएसपी है और पिता भी पुलिस में हैं। कानून उसकी जेब में है। वकील का कहना है कि झगड़े के दौरान एक युवक ने लोहे के कड़े से मुक्का मारा जो उनके होंठ पर लगा। इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 126(2), 351(2) और 298 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पीड़ित वकील पृतपाल सिंह पंचशील कॉलोनी नूरवाला रोड का रहने वाले हैं।
वायरल वीडियो में देखे पूरी सच्चाई….?
घटना का करीब 12 मिनट का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। एक कार रॉन्ग साइड से आ रही है। इसी दौरान एक स्कूटी पर सवार व्यक्ति (वकील) रुकता है और रॉन्ग साइड से आ रही कार के ड्राइवर से कुछ कहता है। इसके बाद बीच रोड पर ही दोनों बहस करने लगते हैं।इसी बीच हल्की बहस भी जारी रहती है। इसके बाद कार सवार युवक का एक साथी आता है। उससे भी बहस होती है। फिर एक के बाद एक लोग आते जाते हैं। कुछ ही देर बाद दोनों पक्षों में हाथापाई हो जाती है और स्कूटी सवार को युवक पीटने लगते हैं। इसी पिटाई में उसकी पगड़ी उतर जाती है।

