बड़ी खबर, पंजाब की कानून व्यवस्था चरमराई……डेरा प्रेमी को सरेआम गोलियों से भून डाला, मौत, दहशत का माहौल

वरिष्ठ पत्रकार.विजय शर्मा.चंडीगढ़।

पंजाब की कानून व्यवस्था बिल्कुल चरमरा गई। ताजा मामला फरीदकोट से जुड़ा हुआ हैं। गुरुवार को दिनदहाड़े श्री गुरु ग्रंथ साहिब की बेअदबी मामले में नामजद आरोपी डेरा प्रेमी प्रदीप सिंह की आज सुबह गोलियां मारकर हत्या कर दी गई। डेरा सच्चा सौदा के श्रद्धालु प्रदीप सिंह को उस समय निशाना बनाया गया, जब वह अपनी डेयरी खोल रहा था। उसी दौरान 2 मोटरसाइकिल सवार 5-6 बदमाशों ने उन पर गोलियां चला दी। प्रदीप जमानत पर बाहर आया था। जिसके बाद उसे सुरक्षा मिली हुई थी।

अंगरक्षक साथ था
घटनास्थल पर प्रदीप सिंह डेरा प्रेमी का गनमैन भी साथ था। हमलावरों ने उस पर भी गोलियां चलाई। बताया जा रहा है कि पास की एक अन्य दुकान के संचालक को भी गोलियां लगी हैं। वारदात को अंजाम देकर मोटरसाइकिल सवार मौके से फरार हो गए। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई है।


बिना नंबर प्लेट की बाइक पर आए
डेरा प्रेमी को मारने बदमाश बिना नंबर की बाइक पर आए थे। इससे संभावना जताई जा रही है कि बाइक चोरी की हो। शुरुआती जांच में पता चल रहा है कि बदमाशों ने डेरा प्रेमी के कत्ल की पूरी प्लानिंग की थी। उन्हें पता था कि प्रदीप सुबह के वक्त दुकान खोलता है। इसके बाद बदमाश वहीं घूम कर उसका इंतजार करते रहे। जैसे ही डेरा प्रेमी ने दुकान खोली तो उसकी गोलियां मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस का कहना है कि इस केस में गनमैन समेत 3 लोग घायल हुए हैं। वारदात की सूचना के तुरंत बाद स्थानीय पुलिस ने चौतरफा नाकाबंदी कर अलर्ट जारी कर दिया है।


किसी को शांति भंग की अनुमति नहीं : मुख्यमंत्री
इस मामले में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने ट्वीट किया है। उन्होंने कहा है कि किसी को भी पंजाब की शांति भंग करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। पंजाब मुख्यमंत्री ने लिखा- पंजाब एक शांतिप्रिय राज्य है जहां लोगों का आपसी भाईचारा बहुत मजबूत है। किसी को भी पंजाब की शांति भंग करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। राज्य की शांति बनाए रखने के लिए सिविल और पुलिस अधिकारियों को सख्त निर्देश दे दिए हैं।


जेल में भी मारा जा चुका एक डेरा प्रेमी 
इससे पहले जेल के भीतर भी बेअदबी के आरोपी डेरा प्रेमी महिंदरपाल बिट्‌टू का कत्ल हो चुका है। डेरा प्रेमी बिट्‌टू को बरगाड़ी में श्री गुरू ग्रंथ साहिब की बेअदबी के केस में पकड़ा गया था। 22 जून 2019 को बिट्‌टू का नाभा जेल में कत्ल कर दिया गया था।

88% LikesVS
12% Dislikes