एसएनई नेटवर्क.चंडीगढ़।
गुरुवार को सरहिंद की शुभ मोहन फैक्टरी में शीरे के टैंक में सफाई करने उतरे दो मजदूरों की गैस चढ़ने से मौत हो गई, जबकि एक को बेहोशी की हालत में निकाल लिया गया। उसे सिविल अस्पताल ले जाया गया। जहां उसकी हालत पूरी तरह से ठीक है। दमकल की टीम और स्थानीय लोगों की मदद से लगभग 2 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद मृतकों के शवों को टैंक से निकाला गया। इसके बाद 108 एंबुलेंस की मदद से शव को फतेहगढ़ साहिब के सिविल अस्पताल में रखवा दिया गया।
दोनों कर्मियों के टैंक में फंसे होने की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग जमा हो गए। मृतक मजदूरों में पवित्र सादन (30 वर्ष) निवासी नेपाल और राकेश पासवान (25 वर्ष) निवासी बिहार शामिल है। राकेश अपने 5 बच्चों के साथ सरहिन्द में ही रहता था।
सूचना मिलने पर अधिकारी पहुंचे
हादसे की सूचना मिलते ही एसडीएम फतेहगढ़ साहिब हरप्रीत सिंह, डीएसपी सुखबीर सिंह, सिविल अस्पताल के डॉक्टर, तहसीलदार बादल दीन और दूसरे पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। जेसीबी मशीन की मदद से टैंक को तोड़ गया। मगर अंदर फंसे मजदूरों ने कोई हलचल नहीं की। जिन्हें लोहे के सरिए की कुंडी बना रस्सियों की मदद से बाहर खींचा गया।

