एसएनई नेटवर्क.चंडीगढ़।

कट्टरपंथियों के खिलाफ जमकर भड़ास निकालने वाले कांग्रेसी नेता गुरसिमरन सिंह मंड को गैंगस्टर गोल्डी बराड़ की तरफ से धमकियां मिलने के बाद कमिश्नरेट पुलिस ने घर में ही नजरबंद कर दिया है। इसके अलावा गांव दाद सराभा नगर एक्सटेंशन मंड के घर की गली को पूरी तरह से सील कर दिया गया है। पूरी गली में बैरिकेडिंग के साथ साथ मिट्टी की बोरियां लगाकर बंकर बनाए गए हैं। मंड के घर के आगे जो खाली जगह बचती है, उसे पर्दे से ढक दिया गया है ताकि कोई बम जैसी वस्तु फेंककर हमला न कर सके। अब मंड के लिए कमिश्नरेट पुलिस ने थ्री लेयर सुरक्षा लगा दी है।
मुलाकात से पहले होगी पूछताछ
गुरसिमरन सिंह मंड को किसी ने मिलना है तो उससे पहले पूछताछ होगी और उसकी जानकारी ली जाएगी, जिसके बाद मंड को मिलने की इजाजत दी जाएगी। इसके अलावा पुलिस की तरफ से मंड के आसपास घरों में रहने वाले लोगों की पूरी जानकारी भी हासिल कर ली है। शनिवार को पुलिस कमिश्नर डॉ. कौस्तुभ शर्मा ने खुद सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इसके बाद मंड की सुरक्षा में तैनात सभी को दिशा निर्देश भी जारी किए गए हैं।
धमकियों के उपरांत सुरक्षा बढ़ाई
लगातार मिल रही धमकियों के बाद गुरसिमरन सिंह मंड ने इसकी शिकायत पुलिस के अधिकारियों को की। इसके बाद थाना सदर की पुलिस ने मंड की शिकायत पर मामला भी दर्ज किया है, जिसमें कई विदेशी नंबरों का जिक्र किया गया है। बीते दिन गैंगस्टर गोल्डी बराड़ की तरफ से गुरसिमरन सिंह मंड को धमकियां दी गई कि उसका हाल भी डेरा प्रेमी प्रदीप कुमार जैसा ही किया जाएगा। वह कट्टरपंथियों के खिलाफ बोलना बंद करे नहीं तो अगला नंबर उसी का है। इसके बाद मंड की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने के आदेश जारी किए गए हैं।
इससे पहले मंड की सुरक्षा में लगे 5 सुरक्षा कर्मचारी भी सस्पेंड कर दिए गए थे। उसके बाद भी मंड ने पुलिस मुलाजिमों पर आरोप लगाए थे कि उसकी सुरक्षा के लिए कट्टरपंथियों के समर्थक पुलिस मुलाजिम तैनात किए गए हैं। इसके बाद पुलिस की तरफ से सुरक्षा रिव्यू किया गया था।
सोशल मीडिया पर वीडियो अपलोड करने पर रोक
मंड की सुरक्षा में लगे 12 सुरक्षा कर्मचारियों को पुलिस कमिश्नर की तरफ से शनिवार को चेकिंग के दौरान कई तरह के दिशा निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा मंड को सोशल मीडिया पर किसी भी तरह की वीडियो अपलोड करने से भी रोका गया है। साथ ही यह भी कहा गया है कि वह किसी भी चैनल पर अपना इंटरव्यू नहीं देंगे। इसके बाद उन्हें कुछ दिनों के लिए घर में ही नजरबंद कर दिया गया है। यही नहीं, पुलिस की तरफ से मंड की गली में रहने वाले हर व्यक्ति की पूछताछ की जा रही है। जितने भी घर मालिक हैं उनके परिवार के बारे में और उनके घर किराए पर रहने वाले लोगों के बारे में पूरी जानकारी हासिल की गई है, ताकि किसी तरह की कोई अनहोनी न हो सके।
जाने..पुलिस आयुक्त ने क्या कहा
पुलिस कमिश्नर डॉ. कौस्तुभ शर्मा ने कहा कि मंड की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है। सुरक्षा रिव्यू करना पुलिस का रूटीन का काम है। गुरसिमरन सिंह मंड की सुरक्षा को लेकर दिशा निर्देश जारी किए गए हैं। इसके अलावा जिन लोगों को लुधियाना में सुरक्षा दी गई है उनकी सुरक्षा रिव्यू भी समय-समय पर चेक किया जा रहा है। उन्होंने लोगों से अपील भी की है कि वह भाईचारा बनाकर चलें ताकि किसी को कोई दिक्कत न हो।

