एसएनई नेटवर्क.चंडीगढ़।
काउंटर इंटेलिजेंस (सीआई) अमृतसर शाखा एवं सीमा सुरक्षा बल (फिरोजपुर) के संयुक्त अभियान के दौरान एक बहुत बड़ी सफलता हासिल हुई। फिरोजपुर के भारत-पाकिस्तान सीमा क्षेत्र से 5 एके-47 राइफल, 5 पिस्टल (विदेशी) और 15 मैगजीन बरामद की हैं। इस बात की पुष्टि, पंजाब पुलिस निदेशक आईपीएस गौरव यादव ने अपने ट्विटर अकाउंट के माध्यम से की।
प्राथमिक जांच-पड़ताल में यह बात सामने आई कि पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी (आईएसआई) ने यह हथियारों की खेप स्थानीय हथियार तस्करों को पहुंचानी थी। आगे पंजाब में बड़ी साजिश को अंजाम देने की योजना थी, जिसे काउंटर इंटेलिजेंस तथा सीमा सुरक्षा बल ने नाकाम कर दिया। सूत्रों से पता चला है कि पिछले दिनों कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया गया था। पूछताछ में काउंटर इंटेलिजेंस के हाथ बड़ी जानकारी सामने आई थी।
इसी के आधार पर काउंटर इंटेलिजेंस की टीम ने शुक्रवार सीमा सुरक्षा बल के बड़े अधिकारियों से हथियारों के बारे जानकारी साझा की। पुख्ता जानकारी के आधार बीएसएफ एवं काउंटर इंटेलिजेंस की टीमों ने फिरोजपुर में स्थित भारत-पाकिस्तान सरहद पर लगते गांव के पास हथियारों का बड़ा जखीरा हासिल किया। फिलहाल, टीम पता लगाने में जुटी है कि स्थानीय लोगों कौन-कौन शामिल हैं, ताकि , उन्हे जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
एक्शन में है पंजाब की पुलिस
पंजाब पुलिस के अधीन जितने भी एजेंसी के विंग है, वह सब काफी एक्शन में चल रहे हैं। कुछ समय के भीतर नशे से लेकर हथियारों का जखीरा बरामद कर, इस बात को पुख्ता कर दिखाया। सबसे बड़ी बात यह भी है कि पंजाब पुलिस के मुखिया डीजीपी पंजाब गौरव यादव काफी सतर्क हैं। वह पुलिस से लेकर आम-जनता तक काफी अच्छा तालमेल रख रहे हैं। परिणामस्वरुप, अपराध पर नकेल कसने में काफी मदद मिल रही हैं।
आईएसआई को खानी पड़ रही मात
अब पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी को भारतीय सुरक्षा एजेंसी से लेकर पंजाब पुलिस से मात खानी पड़ी रही हैं। आए दिन वह अपने मंसूबों को कामयाब करने के लिए पंजाब का माहौल बिगाड़ने की हर कोशिश कर रहा हैं, लेकिन, जांबाज सीमा सुरक्षा बल तथा पंजाब पुलिस की सतर्कता , उसके हर प्रयास को नाकाम करके दिखा रही हैं।

