आईएसआई एजेंट मोहाली से गिरफ्तार…..पाकिस्तान को पहुंचा रहा था सरकारी इमारतों की जानकारी

एसएनई नेटवर्क.चंडीगढ़।

पंजाब पुलिस के स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल (SSOC) ने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI के जासूस को गिरफ्तार किया है। आरोपी की गिरफ्तारी मोहाली फेज 1 से की गई है। जानकारी के मुताबिक पकड़ा गया आरोपी ISI के लिए लंबे समय से जासूसी कर रहा था। पंजाब पुलिस को इसकी जानकारी प्राप्त हुई। ऐसे में जांच के बाद आरोपी की गिरफ्तारी की गई है।


यह जासूस पिछले 3 साल से पंजाब के संवेदनशील इलाकों और बिल्डिंग आदि के नक्शे ISI तक पहुंचा रहा था। पुलिस पता लगाने में जुटी हुई है कि आरोपी ने किस प्रकार की संवेदनशील जानकारियां बॉर्डर पार तक पहुंचाई और इनका मकसद क्या था।


पकड़े गए जासूस का नाम तपिंदर सिंह(40) बताया जा रहा है। वह सेक्टर 40-डी में मकान नंबर 3397/1 में रह रहा था। आरोपी को गिरफ्तारी के बाद कागजी कार्रवाई कर तुरंत मोहाली कोर्ट में पेश किया गया। यहां से उसे 19 दिसंबर तक 4 दिनों के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।


जानकारी देने पर मोटी रकम मिलती थी
पुलिस के मुताबिक आरोपी को यह संवेदनशील जानकारी देने के बदले मोटी रकम दी जाती थी। ऐसे में पुलिस उसके बैंक खाते और घर पर रेड कर जानकारी जुटाने में लग गई है। पता चला है कि तपिंदर सिंह चंडीगढ़ में ही रह रहा था। उसकी हरकतों पर स्पेशल सेल की पूरी नजर थी और उसकी सारी गतिविधियां नोट की जा रही थी।
ऐसे में बीते बुधवार रात उसकी गिरफ्तारी की गई। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 2 मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। इनमें पाकिस्तानी नंबर भी मिले हैं। सेल उन नंबरों का पता लगा रहा है। वहीं आरोपी की कॉल डिटेल्स भी खंगाली जाएगी।

100% LikesVS
0% Dislikes