बटाला का रहने वाले कुख्यात गैंगस्टर हैरी चट्ठा पहुंचा पाकिस्तान……आईएसआई भारत के खिलाफ आतंक फैलाने में करेगी इस्तेमाल

वरिष्ठ पत्रकार विजय शर्मा.नितिन धवन/गुरदासपुर/ चंडीगढ़।

नाभा जेल ब्रेक कांड का मास्टरमाइंड गैंगस्टर हैरी चट्ठा पाकिस्तान पहुंच गया है। पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई अब उसे आतंकी रिंदा की जगह भारत के खिलाफ आतंक फैलाने में इस्तेमाल करेगी। वहां उसे जसविंदर नाम दिया गया है। सूत्रों के मुताबिक यह इनपुट पंजाब पुलिस के पास भी पहुंच गया है। सारी स्थिति पर पुलिस की नजर है। हालांकि पुलिस के अधिकारी कुछ भी बोलने से बच रहे हैं।


कुछ समय पहले पाकिस्तान में आतंकी हरविंदर सिंह रिंदा की मौत हो गई थी। इसके बाद से वहां की आईएसआई काफी चिंता में थी कि उसके मंसूबों को अंजाम कौन देगा? इसके बाद पाकिस्तान में खालिस्तान समर्थकों की बैठक बुलाई गई। बैठक में हैरी चट्ठा को इस काम के लिए चुना गया।


परमजीत सिंह पम्मा उसे यूके से लेकर पाकिस्तान पहुंचा। उसे जसविंदर नाम दिया गया है। 2018 में खालिस्तान लिबरेशन फोर्स (केएलएफ) का सरगना हरमीत सिंह पीएचडी की पाकिस्तान में सड़क हादसे में मौत हो गई थी। इससे भारत विरोधी एजेंसियों को बड़ा धक्का लगा। उस समय पाकिस्तान में कोई ऐसा खालिस्तानी नहीं था, जिसकी पकड़ भारत में अच्छी हो। ऐसे में आईएसआई ने अपनी योजना में बदलाव किया। साथ ही इलाके में सक्रिय बड़े गैंगस्टरों से संपर्क कर वारदातों को अंजाम देने की रणनीति बनाई गई। इसी बीच अपराध की दुनिया में उभर रहे रिंदा की तरफ उनका ध्यान गया था। अब रिंदा की मौत के बाद हैरी चट्ठा आईएसआई की गोद पर पहुंच गया है।


बटाला का रहने वाला है हैरी चट्ठा
हैरी चट्ठा 2016 में नाभा जेल ब्रेक में शामिल था। वह गुरदासपुर जिले के बटाला का रहने वाला है। हैरी पंजाब में बहुत कम सक्रिय रहा है। रंगदारी और अपहरण के कुछ मामले उसके खिलाफ प्रदेश में दर्ज हैं। मगर वह  ‘ए’ श्रेणी का गैंगस्टर है। नाभा जेल से भागने के बाद से ही हैरी फरार था।


27 नवंबर 2016 की सुबह गैंगस्टरों ने खालिस्तान लिबरेशन फोर्स (केएलएफ) के प्रमुख हरमिंदर सिंह मिंटू, आतंकवादी कश्मीर सिंह और गैंगस्टर विक्की गौंडर, गुरप्रीत सिंह सेखों, नीता देओल और अमनदीप धोतियान को जेल से भगा दिया था। हैरी कुछ साल पहले ही स्पेन पहुंचा था। इसके बाद उसने जर्मनी को अपना ठिकाना बनाया था। अब पाकिस्तान में उसने शरण ली है।

100% LikesVS
0% Dislikes