घनी धुंध का बुरा असर…..नेशनल हाईवे पर एक-साथ टकराए 1 दर्जन से ऊपर वाहन…..12 लोग जख्मी

एसएनई नेटवर्क.चंडीगढ़।

वर्ष की पहली घनी धुंध ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया। मामला सरहिंद नेशनल हाईवे से जुड़ा हैं। यहां रविवार को 12 से अधिक वाहन आपस में भिड़ गए। हादसे में दर्जन भर लोग घायल हैं। उन्हें मंडी गोबिंदगढ़ के सिविल अस्पताल और फतेहगढ़ साहिब के सरकारी अस्पताल में दाखिल करवाया गया। हादसे की सूचना मिलते ही थाना सरहिंद पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सरकारी अस्पताल भेजा गया। हादसाग्रस्त वाहनों को रोड से हटाकर यातायात बहाल किया गया।

घटनाक्रम सुबह 7 बजे हुआ
थाना सरहिंद के एएसआई बलवीर सिंह ने बताया कि रविवार सुबह करीब सात बजे के लगभग घनी धुंध के कारण विजिबिलिटी काफी कम हो गई थी। जीटी रोड पर एक ट्रक अपने आगे चल रहे टाटा 407 के पीछे जा टकराया। इसके बाद ट्रक चालक ने ट्रक सड़क किनारे खड़ा कर दिया। एक कार ट्रक के पीछे जा भिड़ी। वहीं एक छोटा हाथी भी कार से जा भिड़ा।

कई वाहन एक-दूसरे से भिड़ते गए
देखते ही देखते एक दूध का टैंकर टेंपो से टकरा गया और फिर कई वाहन एक-दूसरे से भिड़ते गए। कई वाहन बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए। एएसआई बलवीर सिंह ने बताया कि जब वह घटनास्थल पर पहुंच अपनी कार को पार्क करने लगे तभी उनकी कार के पीछे एक दूसरी कार ने टक्कर मार दी। बाद में एक और कार भी टकरा गई। स्पीड कम होने के चलते किसी को अधिक चोट तो नहीं लगी पर वाहन क्षतिग्रस्त हो गए।

100% LikesVS
0% Dislikes