सुखबीर बादल ने पंजाब सरकार पर साधा निशाना……बोले, मान ने बेईमानी से बनाई सरकार

राज्य ब्यूरो.चंडीगढ़। 

सुखबीर सिंह बादल ने शुक्रवार को लंबी में पंजाब सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पंजाब के मुख्यमंत्री का नाम भगवंत मान नहीं बेईमान होना चाहिए था, क्योंकि मान ने लोगों से झूठ बोल कर बेईमानी से सरकार बनाई है। मान सरकार के कार्यकाल में ऐसा एक भी दिन नहीं जा रहा जब अपराध न हो रहा हो। पंजाब में सरकार भगवंत मान नहीं, गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई चला रहा है। बिश्नोई जेल में बैठा टीवी चैनल को इंटरव्यू दे रहा है और ये तय कर रहा है कि पंजाब में किसे जीना है और किसे मरना है।


तहसील दफ्तर के सामने धरना


आम आदमी पार्टी की वादाखिलाफी नीतियों के खिलाफ शिअद-बसपा गठबंधन की ओर से शिअद अध्यक्ष सुखबीर बादल के नेतृत्व में तहसील दफ्तर के सामने धरना लगाया गया। इस दौरान सुखबीर बादल ने कहा कि पंजाब में कारोबारियों व अन्य लोगों से गैंगस्टर फोन कर फिरौती मांग रहे हैं। अगर लोग शिकायत लेकर पुलिस के पास जाते हैं तो पुलिस अधिकारी उल्टा उनकी मदद करने के बजाय उन्हें ये कहते हैं कि दो-चार लाख रुपये गैंगस्टर को देकर अपनी जान छुड़ा लो।

पंजाब में रहना लोगों के लिए खतरे से खाली नहीं


सुखबीर बादल ने कहा कि 2017 में कांग्रेस सरकार बनाकर पहले तो पांच साल कैप्टन अमरिंदर सिंह ने बर्बाद किए। अब आम आदमी पार्टी की सरकार पांच साल बर्बाद कर रही है। अगर पंजाब में शिअद की सरकार होती तो उन्होंने पंजाब को आगे की तरफ लेकर जाना था। कांग्रेस व आप सरकार की वजह से पंजाब बहुत पिछड़ गया है।  


निष्पक्ष जांच की जाए


सुखबीर ने कहा कि एसआईटी को साफ निर्देश थे कि निष्पक्ष जांच की जाए। मगर मुख्यमंत्री भगवंत मान ने एसआईटी को अपने तरीके से चलाया। मुख्यमंत्री भगवंत मान शुरू से ही कहते आ रहे हैं कि कोटकपूरा गोलीकांड में बादलों को फंसाना है। मगर मान जो मर्जी कर ले, अदालत इंसाफ करेगी। पहले भी भगवंत मान को कई फैसलों में कोर्ट से मुंह की खानी पड़ी है।

100% LikesVS
0% Dislikes