दिलजीत पर एनएसए….पत्नी पहुंची हाईकोर्ट, बोली–भगवंत मान के दबाव में हुई कार्रवाई

राज्य ब्यूरो.चंडीगढ़। 

अमृतपाल के साथी दलजीत सिंह पर एनएसए लगाने को गलत करार देते हुए उसे अदालत में पेश करने की मांग को लेकर उसकी पत्नी ने हाईकोर्ट से गुहार लगाई है। याची ने कहा कि लोकसभा उप चुनाव में शिअद के पक्ष में प्रचार करने के चलते मुख्यमंत्री भगवंत मान के दबाव में यह कार्रवाई की जा रही है। हाईकोर्ट ने इस याचिका पर अमृतपाल को लेकर लंबित याचिका के साथ सुनवाई का निर्णय लिया है।


पति फिल्म स्टार, निर्माता व निर्देशक


याचिका दाखिल करते हुए नरिंदर कौर ने बताया कि उसका पति फिल्म स्टार, निर्माता व निर्देशक है। बीते दिनो याची को सोशल मीडिया पर जानकारी मिली की उसे हिरासत में लिया गया है। याची ने बताया कि अमृतपाल मामले में नेशनल सिक्योरिटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसके खिलाफ डिटेंशन का आदेश जारी किया गया है। नेशनल सिक्योरिटी एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए सावधानी का इस्तेमाल करना आवश्यक होता है क्योंकि यह आम कानून नहीं है। इसके तहत मामला दर्ज करने को लेकर सुप्रीम कोर्ट भी निर्देश जारी कर चुका है। इस मामले में किसी भी स्तर पर प्रक्रिया का पालन नहीं किया गया और न ही याची को उसके पति की गिरफ्तारी के बारे में जानकारी दी गई।


पूरा मामला राजनीति से प्रेरित


इस पूरे मामले को राजनीति से प्रेरित बताते हुए याचिकाकर्ता ने कहा कि बीते लोकसभा उप चुनाव में उसके पति ने शिरोमणि अकाली दल के प्रत्याशी के लिए चुनाव प्रचार किया था जिसके चलते आम आदमी पार्टी हारी थी। इसी हार का बदला लेने के लिए मुख्यमंत्री के दबाव में कार्रवाई की जा रही है। पंजाब में बने माहौल को लेकर याची ने कहा कि यह सब पंजाब के लोगों में सरकार के प्रति भरे आक्रोश को शांत करने के लिए उनका ध्यान भटकाने का प्रयास है। यदि याची के पति को गिरफ्तार करना था तो सामान्य कानून के तहत भी किया जा सकता था लेकिन ऐसा नहीं किया गया।

50% LikesVS
50% Dislikes