एसएनई नेटवर्क.अमृतसर/चंडीगढ़।
सीएम दिल्ली अरविंद केजरीवाल के खिलाफ आबकारी नीति मामले को लेकर सीबीआई की ओर से दर्ज की गई एफआईआर व की जा रही पूछताछ के खिलाफ आम आदमी पार्टी के वर्करों ने स्थानीय भंडारी पुल पर एक विशाल रोष प्रदर्शन किया। चारों तरफ चक्का जाम कर दिया गया। राहगीर काफी परेशान रहे। पुलिस बेबस दिखाई दी। खासकर, ट्रैफिक पुलिस की सिंघम होने का दावा करने वाली एडीसीपी अमनदीप कौर तथा उनकी टीम। बताया जा रहा है कि वाहनों की लंबी कतार काफी दूर तक दिखाई दे रही हैं।
यह लोग रहे शामिल
प्रदर्शन में कैबिनेट मंत्री पंजाब डॉ इंद्रबीर सिंह निज्जर, विधायक जीवन जोत कौर, विधायक अजय गुप्ता, विधायक जसबीर सिंह समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। इस दौरान वर्करों ने केंद्र सरकार के खिलाफ पोस्टर व तख्तियां उठाई हुई थी। प्रदर्शनकारियों की मांग है कि केजरीवाल के खिलाफ दर्ज किया झूठा मामला रद्द किया जाए। केजरीवाल को गिरफ्तार करने की साजिशों को बंद किया जाए। दिल्ली की सरकार को अस्थिर करने की कोशिशें बंद होनी चाहिए। आम आदमी पार्टी के नेताओं को एक साजिश के तहत झूठे मामलों में फंसाने की योजनाओं पर विराम लगना चाहिए। इस दौरान केंद्र की भाजपा सरकार की जन विरोधी नीतियों की भी निंदा की गई।
आम जनता क्यों हो परेशान
परेशान आम जनता ने आम आदमी पार्टी के प्रदर्शन का विरोध किया। उनका कहना था कि अगर किसी सरकार के खिलाफ आप का रोष है तो उनके सरकारी आवास या फिर कोठी का घेराव किया जाए, नाकि, आम जनता का रास्ता रोक दिया जाए। आम आदमी के एक-एक मत से प्रदेश में आप को बहुमत हासिल हुआ। इसलिए, सरकार तथा उनके प्रतिनिधियों को जनता की परवाह करनी चाहिए।