एसएनई नेटवर्क.चंडीगढ़।
आय से अधिक संपत्ति मामले में विजिलेंस ब्यूरो ने पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के करीबी भरतइंद्र सिंह चहल पर शिकंजा कस दिया है। विजिलेंस की तकनीकी टीम ने पटियाला स्थित उनके मैरिज पैलेस और अन्य संपत्तियों की पैमाइश शुरू कर दी है ताकि पता लगाया जा सके कि आखिर उन्होंने इन्हें बनाने पर कितने पैसे का निवेश किया है। टीम की कोशिश यही है कि उनके खिलाफ लग रहे हर आरोप की गंभीरता से जांच की जाए ताकि मामले की सच्चाई को सामने लाया जा सकें।
हालांकि विजिलेंस के उच्च अधिकारी इस मामले में कुछ भी बोलने से बच रहे हैं। चहल का पटियाला के नजदीक सरहिंद रोड पर एक आलीशान मैरिज पैलेस है। इसके अलावा पटियाला में चहल का एक शॉपिंग कॉम्प्लेक्स भी है। दिसंबर 2022 में विजिलेंस ने चहल की संपत्तियों पर छापा मारा था। साथ ही इन संपत्तियों के दस्तावेजों की भी जांच की गई थी। वहीं, अब उसकी पैमाइश शुरू कर दी है। तकनीकी टीम द्वारा हर चीज की गंभीरता से जांच जा रही है।
कई बार भेजा जा चुका समन
इससे पहले विजिलेंस की टीम भरतइंद्र सिंह चहल को कई बार पूछताछ के लिए समन भेज चुकी है लेकिन वह पूछताछ के लिए पेश नहीं हो रहे थे। आखिरी बार उन्होंने एक पत्र भेजा था कि वह कोरोना संक्रमित हो गए हैं। साथ ही जैसे ही वह ठीक हो जाएंगे, इसके बाद वह जांच में शामिल हो जाएंगे।

