एसएनई नेटवर्क.चंडीगढ़।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि भारत अब कमजोर नहीं रहा… ताकतवर बन गया है। अंतरराष्ट्रीय प्लेटफार्म पर भारत अगर कुछ कहता है तो पूरी दुनिया कान खोलकर सुनती है। उन्होंने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता होना सौभाग्य की बात है, क्योंकि दुनिया में भाजपा ही एक ऐसी पार्टी है जो अपनी राजनीतिक अवधारणा के अनुरूप चलती है। हमने जो कहा वही किया है, हमारी कथनी और करनी में अंतर नहीं है।
भाजपा के कार्यकर्ता राजनीतिक सोच और विचारधारा से जुड़े हैं। उन्होंने यह बात चंडीगढ़ भाजपा प्रदेश कार्यालय कमलम में पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ संवाद के दौरान कही। इस दौरान उन्होंने भाजपा कार्यसमिति की बैठक की अध्यक्षता भी की।
देश का पहला सेंटर फॉर साइबर ऑपरेशन एंड सिक्योरिटी चंडीगढ़ में बनेगा
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने देश के पहले सेंटर फॉर साइबर ऑपरेशन एंड सिक्योरिटी (सीईएनसीओपीएस) की आधारशिला सोमवार को सेक्टर-18 ए स्थित गवर्नमेंट प्रेस बिल्डिंग में रखी। यह छह महीने में बनकर तैयार हो जाएगा। इस पर 88 करोड़ खर्च होंगे। इसके बनने से चंडीगढ़ पुलिस समेत अन्य राज्यों को जटिल साइबर अपराध सुलझाने और साइबर सुरक्षा तंत्र को मजबूत करने में मदद मिलेगी। इसमें डाटा एनालिटिक्स एंड प्रिडिक्टिव पुलिसिंग, एविडेंस कलेक्शन एंड एडवांस्ड फॉरेंसिक, साइबर सिक्योरिटी एंड साइबर क्राइम इन्वेस्टिगेशन, सोशल मीडिया एनालिटिक्स एंड सिटीजन आउटरीच की सुविधा होगी।

