वरिष्ठ पत्रकार.चंडीगढ़।
शुक्रवार को समाज विरोधी तत्वों और अपराधियों पर पंजाब पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की। एक साथ 4171 अपराधी किस्म के व्यक्तियों के ठिकानों पर छापेमारी की गई। ऑपरेशन में 3000 से अधिक पुलिस मुलाजिमों वाली 450 पुलिस पार्टियों ने हिस्सा लिया। डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि ऑपरेशन की अगुवाई सीपी और एसएसपी ने की।
संदिग्ध ठिकानों की जांच……पाया बड़ा लेनदेन
संदिग्ध लोगों के ठिकानों की जांच के लिए सब-इंस्पेक्टर (एसआई) रैंक के अधिकारियों के अधीन अधिकारी गए थे। पुलिस की तरफ से यह ऑपरेशन को सिंक्रोनाइज ढंग से चलाया गया। विशेष डीजीपी (कानून-व्यवस्था) अर्पित शुक्ला ने बताया कि इस ऑपरेशन का उद्देश्य ऐसे व्यक्तियों की गतिविधियों का पता लगाना था जो कि रास्ता भटक गए।
उन्होंने कहा कि पुलिस टीमों ने अपराधों में शामिल व्यक्तियों के पारिवारिक सदस्यों से भी पूछताछ की और बैंकों से लेनदेन, वेस्टर्न यूनियन और जायदाद के विवरण को भी जांचा। पुलिस टीमों ने मौके पर खड़े वाहनों की भी जांच की और वाहन मोबाइल एप से उनका रजिस्ट्रेशन भी जांचा।
(NIA) के साथ स्पेशल ऑपरेशन चलाया
बता दें कि इससे पहले पंजाब पुलिस ने राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) के साथ मिलकर स्पेशल ऑपरेशन चलाया था। इस दौरान गैंगस्टरों से जुड़े लोगों के परिसरों पर छापेमारी की थी। साथ ही उनके कब्जे से काफी सामान बरामद किया गया था। वहीं, एनआईए ने तीन गैंगस्टरों से जुड़े लोगों पर केस दर्ज किया गया है। साथ ही कई लोगों के परिजनों को दिल्ली तलब किया है। उम्मीद जताई जा रही है कि आने वाले समय में कुछ और लोगों की गिरफ्तारी होगी।
इतने पकड़ चुकी गैंगस्टरों को पुलिस
पंजाब पुलिस ने गैंगस्टरों व आतंकियों पर शिकंजा कसने के लिए इस साल एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) का गठन किया है। इसकी कमान एडीजीपी रैंक के अधिकारी को सौंपी गई। पुलिस अब तक 150 गैंगस्टर या आतंकी मॉड्यूल का पर्दाफाश कर 555 आरोपियों को दबोचा जा चुका है। इसके साथ ही 5 आरोपियों को मारने में भी सफल रही है।

