एसएनई नेटवर्क.चंडीगढ़।
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी भ्रष्टाचार के एक मामले में आमने-सामने आ गए हैं। बुधवार को भगवंत मान आईपीएल क्रिकेटर जसइंदर सिंह को साथ लेकर मीडिया के सामने आए। जसइंदर सिंह ने आरोप लगाया था कि उसे नौकरी देने की एवज में पूर्व मुख्यमंत्री चन्नी के भतीजे जशन ने दो करोड़ रुपये की रिश्वत मांगी थी और पैसा नहीं देने पर चन्नी ने उसे अपमानित कर भगा दिया था।
मान ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में खिलाड़ी के पिता मनजिंदर के सामने कई दस्तावेज पेश कर कहा कि जसइंदर को नौकरी देंगे। खेल कोटे के तहत इस खिलाड़ी को नौकरी देने संबंधी फाइल क्लीयर हो चुकी है। इसके साथ ही चन्नी और उनके भतीजे के खिलाफ जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
मान ने दिखाए जसइंदर व चन्नी की मुलाकात के फोटो
पंजाब भवन में बुलाई प्रेस वार्ता में मुख्यमंत्री भगवंत मान आईपीएल खिलाड़ी जसइंदर सिंह और उनके पिता मनजिंदर सिंह के साथ पहुंचे। मुख्यमंत्री ने जसइंदर व चरणजीत चन्नी की मुलाकात के फोटो भी मीडिया को दिखाएं और कहा कि इन फोटो ने चन्नी के झूठ की पोल खोल दी है। साथ ही मुलाकात वाले दिन के कार्यक्रम का निमंत्रण पत्र भी दिखाया। इसमें चन्नी मौजूद थे।
मान ने कहा कि चन्नी गुरुद्वारा साहिब जाकर सफाई देने लगते हैं। अच्छा होगा कि वह एक बार फिर अपने भतीजे से पूछ लें कि क्या उसने नौकरी के लिए पैसे मांगे थे? वहीं, जसइंदर ने मान के आरोपों का समर्थन किया और दावा किया कि मैंने मुख्यमंत्री को यह जानकारी उस समय दी थी, जब वह हिमाचल में आईपीएल का मैच देखने पहुंचे थे। बता दें कि जसइंदर सिंह आईपीएल में पंजाब किंग्स का हिस्सा हैं।
चन्नी ने कहा- नौकरी के बदले मेरी बदनामी का सौदा
मान के बाद पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने भी अपने भतीजे जश्न के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस की और मुख्यमंत्री के आरोपों को सिरे से खारिज किया और कहा कि खिलाड़ी को नौकरी के बदले मेरी बदनामी का सौदा किया गया है।

