वरिष्ठ पत्रकार.चंडीगढ़।
आपस में प्यार करने वाली लड़कियों के आनंद कारज को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया। इस मामले को लेकर सिखों संगठन तथा एसजीपीसी ने कड़ा विरोध जताया तथा जांच के निर्देश जारी कर दिए। बताया जा रहा है कि आनंद कारज करने वाली दोनों युवतियां सिख समुदाय से हैं। उधर, आनंद कारज करने वाले ग्रंथी ने इस भूल के लिए माफी मांग ली।
जानकारी के अनुसार 23 साल की युवती करीब एक वर्ष पहले प्राइवेट नौकरी करने चंडीगढ़ गई थी। वहां साथ में ही नौकरी करने वाली मानसा की लड़की से दोस्ती हो गई। दोनों युवतियां चंडीगढ़ में एक ही कमरे में रहने लगी। इसी दौरान दोनों लड़कियों में प्यार हो गया। दोनों ने शादी करने की ठान ली। बीते सितंबर माह में किसी तरह दोनों लड़कियों ने अपने परिजनों को शादी के लिए मना लिया।
दोनों के परिजनों की थी आपसी सहमति
सूत्रों से पता चला है कि आपस में प्यार करने वाली दोनों युवतियों में से बठिंडा की रहने वाली लड़की के परिजनों ने दोनों लड़कियों की शादी करने के लिए एक जगह का चयन किया। वहां सामान्य शादी की तरह खुशियां मनाई गईं। इसके बाद कलगीधर गुरुद्वारा साहिब में दोनों लड़कियों का आनंद कारज किया गया।

