वरिष्ठ पत्रकार.चंडीगढ़।
पंजाब के एनआरआई दूल्हों की मुश्किलें बढ़ने वाली है, क्योंकि, मान सरकार ने धोखा देने वाले उक्त दूल्हों की संपत्ति कुर्क करने का मन बना लिया। बाकायदा, इसके लिए कानून भी पारित कर लिया गया। राज्य के विभिन्न एनआरआई थानों में दर्ज 331 लोगों को भगोड़ा घोषित किया जा चुका है। पुलिस ने 15 वर्षों में भगोड़े घोषित इन दूल्हों की संपत्तियां अटैच करने की कार्रवाई शुरू कर दी है, ताकि पीड़ित युवतियों और उनके परिवारों को इंसाफ दिलाया जा सके।
यह है साफ
पंजाब के पुलिस थानों में दर्ज मामलों में साफ है कि पंजाब के लोग अपने बच्चों को विदेश में सेटल करने में अधिक दिलचस्पी लेते हैं। इस चीज का वहां बैठे शातिर लोग फायदा उठाते हैं। साथ ही लोग अपनी पढ़ी-लिखी बेटियों की शादी ऐसे लोगों से कर देते है। इनकी डिमांड के हिसाब से सारी चीजें भी देते हैं लेकिन यह लोग शादी के बाद तीन चार महीने तो यहां रुकते हैं। इसके बाद धोखाधड़ी कर निकल जाते हैं। साथ ही लड़कियां परिजनों के सहारे रह जाती हैं।
सबसे अधिक भगोड़े यूके में
एनआरआई थानों में दर्ज केसों में सबसे अधिक 46 भगोड़े यूके में हैं। इसके अलावा अमेरिका में 35, कनाडा 35, ऑस्ट्रेलिया 23, जर्मनी में सात, न्यूजीलैंड में छह हैं। इसी तरह के केस अन्य थानों में भी दर्ज हैं। नवांशहर में ऐसे मामलों की संख्या सबसे अधिक 42 है। लुधियाना व मोगा में 38-38 केस दर्ज हैं। इसी तरह एनआरआई विंग ने 2018 से अब तक विभिन्न केसों 1309 लोगों के सकुर्लर भी जारी किए हैं। हालांकि, एनआरआई मंत्री कुलदीप सिंह धालीवाल पहले ही कह चुके हैं कि उनके ध्यान में सारे मामले हैं।