वरिष्ठ पत्रकार.लुधियाना।
विदेश में बैठे लारेंस बिश्नोई के खास गैंगस्टर ने एक व्यवसायी से 2 करोड़ की रंगदारी मांगी है। परिवार को काल एक विदेशी व्हाट्सएप नंबर पर आया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया। धमकी दी गई है अगर कारोबारी ने 2 करोड़ रुपए नहीं दिए तो उसे और उसके परिवार के जान से मार दिया जाएगा। सुरक्षा का हवाला देकर पुलिस ने फिलहाल कारोबारी की पहचान को गुप्त रखा है। होटल कारोबारी ने पुलिस को बताया कि उसकी मां के मोबाइल नंबर पर विदेश से व्हाट्सएप कॉल की गई। उन्होंने इसका जवाब नहीं दिया।
बाद में कॉल करने वाले ने उस नंबर पर वॉयस मैसेज भेजा और 2 करोड़ रुपए की मांग की। इसके बाद उसने नंबर ब्लॉक कर दिया था। लेकिन इसके बाद फिर से दूसरे नंबरों से कई बार कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को गैंगस्टर रोहित गोदारा बताया।
रोहित गोदारा बीकानेर में लूणकरणसर के कपूरीसर गांव का रहने वाला है। रोहित लॉरेंस गैंग का एक्टिव गुर्गा है। वह कनाडा, अजरबैजान में भी आता जाता रहता है। बताया जाता है कि गोदारा ने जेल से आने के बाद अवैध वसूली, फिरौती, लूटपाट और डकैती शुरू कर दी थी। कई लोगों पर जानलेवा हमले भी किए थे। वह राजस्थान की गुठली गैंग, मोनू गैंग के साथ मिलकर वारदात करने लगा था। रोहित पर 32 से ज्यादा संगीन मामले दर्ज हैं। रोहित की पत्नी ने उसके खिलाफ 2012 में बीकानेर के महिला थाना में दहेज प्रताड़ना का केस दर्ज करवाया था।