SNE NETWORK.AMRITSAR/CHANDIGARH.
आजादी दिवस को लेकर पुलिस ने सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए हैं। पंजाब के सीमावर्ती जिलों में सुरक्षा चाक चौबंद की गई है। चप्पे-चप्पे पर जवानों को तैनात किया गया है। भारत-पाकिस्तान सीमा पर स्थित अटारी चेकपोस्ट से लेकर गांव-मोहल्लों तक कड़ी सुरक्षा है। बुधवार को जगह-जगह फ्लैग मार्च निकाले गए।
अमृतसर के पुलिस कमिश्नर रंजीत सिंह ढिल्लों ने कहा कि शहर के हर एक चप्पे-चप्पे पर नजर रखी जा रही है। बाहर से आए लोगों की वेरिफिकेशन भी की गई। सभी एंट्री पॉइंट पर नजर है। आने-जाने वाली गाड़ियों की भी अच्छे से चेकिंग हो रही है। सुरक्षा में किसी भी तरह की कमी या ढील बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अटारी में होने वाले रिट्रीट सेरेमनी कार्यक्रम में बीएसएफ के महानिदेशक मुख्य अतिथि होंगे। राज्यस्तरीय समारोह जालंधर में होगा, जहां मुख्यमंत्री भगवंत मान तिरंगा फहराएंगे। यहां भी सुरक्षा के कड़े इंतजाम हैं।
लुधियाना में होने वाले जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कमिश्नरेट पुलिस ने पूरी तैयारी कर ली है। स्वतंत्रता दिवस समारोह इस बार पंजाब एग्रीकल्चर यूनिर्वसिटी के ग्राउंड में होगा। समारोह स्थल के साथ-साथ शहर में दो हजार से ऊपर पुलिस अधिकारियों और मुलाजिमों को तैनात किया गया है। आने और जाने वाले वाहनों पर नजर रखने के लिए पुलिस तीसरी आंख C.C.T.V कैमरे की मदद ले रही है। POLICE ने आम लोगों से भी अपील की है कि अगर वह किसी संदिग्ध को देखते ही पुलिस को सूचना दें।

