वरिष्ठ पत्रकार.हलवारा (लुधियाना)।
एक महिला के साथ एनआरआई ने शादी का वादा कर शारीरिक शोषण किया और फिर बाद में उसकी अश्लील तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल कर दी। पीड़िता शादीशुदा बताई जा रही है लेकिन, पति से विवाद के चलते वह अलग रहती है। महिला का आरोप है कि एनआरआई ने उससे शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण किया और उसकी अश्लील तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल कर उसे बदनाम किया है। महिला की शिकायत पर एनआरआई के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है।
पीड़ित महिला ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि 2013 में उसकी शादी रायकोट में हुई थी, उनका 8 साल का एक बेटा भी है। पति से विवाद के चलते 2017 में वो रायकोट में ही किराये का मकान लेकर अलग रहने लगी। इस दौरान उसकी दोस्ती मिनहास नीलू नामक फेसबुक अकाउंट वाले सुखजीत सिंह के साथ हो गई। दोस्ती प्यार में बदल गई और सुखजीत सिंह ने उससे शादी का वादा करके पति से तलाक लेने का दबाव बनाया। 2019 में सुखजीत सिंह भारत आया और दोनों अकालगढ़ गांव में किराये का मकान लेकर साथ रहने लगे। लगातार 2 महीने सुखजीत सिंह के साथ विवाहित जोड़े की तरह रहे और जिंदगी भर साथ रहने की कसमें भी खाईं।