वरिष्ठ पत्रकार.राष्ट्रीय डेस्क।
महाराष्ट्र-कर्नाटक के बीच चल रहे विवाद के बीच कर्नाटक भाजपा अध्यक्ष बी वाई विजयेंद्र ने रविवार को बड़ा बयान दिया। उन्होंने कन्नड़ भाषा और कर्नाटक राज्य का अपमान करने के किसी भी प्रयास की निंदा की और इसे अक्षम्य कृत्य करार दिया। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि जो लोग राज्य के लाभों का आनंद लेते हैं, लेकिन कन्नड़ और कर्नाटक के खिलाफ बोलते हैं, उन्हें माफ नहीं किया जा सकता।
उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘कन्नड़ और कर्नाटक का अपमान करना, वह भी राज्य के भीतर, एक अक्षम्य अपराध है। मैंने कन्नड़ समर्थक संगठनों के बयान पर गौर किया है। हम कन्नड़ लोगों को इस तरह की आक्रामकता के खिलाफ आवाज उठाने की जरूरत है।’
विजयेंद्र बेलगावी में केएसआरटीसी बस चालक और संवाहक पर कथित तौर पर मराठी में बात नहीं करने पर हुए हमले से संबंधित एक सवाल का जवाब दे रहे थे। उन्होंने राज्य सरकार से कन्नड़ और कर्नाटक को कमजोर करने के उद्देश्य से किसी भी साजिश या शरारत को रोकने के लिए कदम उठाने का आग्रह किया।
क्या है मामला?
दरअसल, बीते दिन कर्नाटक परिवहन निगम की बस के कंडक्टर (परिचालक) पर मराठी में यात्री को जवाब न देने पर हमला करने के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया था। पुलिस ने शनिवार को बताया था कि घटना शुक्रवार को महाराष्ट्र की सीमा से लगे बेलगावी जिला मुख्यालय शहर के बाहरी इलाके में हुई। कंडक्टर पर भी पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
इससे पहले आंखों में आंसू लिए 51 वर्षीय कंडक्टर महादेवप्पा मल्लप्पा हुक्केरी ने शुक्रवार को संवाददाताओं को बताया था कि सुलेभावी गांव में अपने पुरुष साथी के साथ बस में चढ़ी एक लड़की मराठी में बोल रही थी। हुक्केरी ने कहा कि उसने उससे कहा कि उसे मराठी नहीं आती और उसने उससे कन्नड़ में बात करने को कहा। कंडक्टर ने कहा, ‘जब मैंने कहा कि मुझे मराठी नहीं आती, तो लड़की ने मुझे गाली देते हुए कहा कि मुझे मराठी सीखनी चाहिए। अचानक बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए और मुझ पर हमला कर दिया।’
पॉक्सो मामले में अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं
उन्होंने बताया कि पॉक्सो अधिनियम के मामले में अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है। हमें आरोपों की जांच करनी है और उसके अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।