वरिष्ठ पत्रकार.प्रदीप बेटी.गुरदासपुर।
रोजी रोटी कमाने के लिए विदेश जाने से पहले ही एक युवक ने रास्ते में दम तोड़ दिया। युवक की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में तब हुई, जब वह ट्रेन में बैठकर चेन्नई जा रहा था। मरने वाले की पहचान पलविंदर सिंह निवासी जिला गुरदासपुर के गांव मुल्लांवाल के तौर पर हुई। परिवार में दुखदायक खबर आने के उपरांत एकदम मातम छा चुका है। बताया जा रहा है कि मृतक यूरोप के आर्मीनिया में जा रहा था। शव वापस लाने के लिए परिवार ने प्रदेश सरकार तथा स्थानीय प्रशासन से मदद की गुहार लगाई। परिवार आर्थिक तौर पर काफी कमजोर बताया जा रहा है।
जानिए, क्या है पूरा मामला
मृतक के परिवार से मिली जानकारी के अनुसार पलविंदर सिंह पिछले समय आर्मेनिया शहर में कुछ समय काम करने के बाद घर लौटा था और अब वह 30 जुलाई को एक बार फिर आर्मेनिया जाने के लिए घर से निकला था। वह दिल्ली से अपना पासपोर्ट लेकर चेन्नई के लिए रेलगाड़ी से रवाना हुआ था। इसी दौरान विजयवाड़ा शहर के पास खम्मम शहर में उसकी संदिग्ध मौत हो गई। मौत के असल कारण तो अभी तक पता नहीं चल पाए। परिवार ने इस पूरे मामले को लेकर निष्पक्ष जांच की मांग की। उनके मुताबिक, मौत के असल कारण का पता लगना चाहिए। क्योंकि, उनका बेटा एकदम स्वस्थ था।
परिवार की आर्थिक हालत बहुत कमजोर
बताया जा रहा है कि पलविंदर के अलावा एक अन्य भाई भी है। पूर्व सरपंच बलविंदर सिंह और किसान नेता सुखविंदर सिंह मुल्लावाल ने कहा कि परिवार की आर्थिक हालत बहुत कमजोर है, इसलिए बेटा पलविंदर सिंह अपने माता-पिता का सहारा बनने के लिए विदेश में कमाने गया था। अब जबकि उसका शव पंजाब से कई किलोमीटर दूर है, जिला प्रशासन और पंजाब सरकार को उसका शव गांव में लाने के लिए परिवार का सहयोग करना चाहिए। इस संबंध में थाना भैनी मियां खान पुलिस को सूचित कर दिया है। सांसद प्रताप सिंह बाजवा और जगरूप सिंह सेखवां को परिवार जल्द ही अपनी समस्या से अवगत कराएंगे।

