वरिष्ठ पत्रकार.हलवारा/लुधियाना।
एक हादसे में 2 युवकों की मृत्यु हो गई। हादसा लुधियाना के हलवारा में पंजाब रोडवेज की बस और बाइक की आमने-सामने टक्कर की वजह से हुआ। मृतकों की पहचान मोगा के गांव चड़क निवासी सचिन प्रीत सिंह (21) पुत्र हरजिंदर सिंह और गगनजीत सिंह (20) पुत्र गुरलाल सिंह के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। पंजाब रोडवेज की बस और क्षतिग्रस्त बाइक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। बस का चालक मौके से फरार है।
पुलिस के अनुसार वीरवार देर शाम चार युवक दो मोटरसाइकिल पर सवार होकर मलेरकोटला से अपने गांव वापस जा रहे थे। बाइक सवार युवक एक ट्रक को ओवरटेक करने लगे। इस दौरान सामने से आ रही पंजाब रोडवेज जगरांव डीपो की बस से उनकी सीधी टक्कर हो गई। जबकि दूसरे बाइक सवार दोनों युवक बाल-बाल बच गए। बस के साथ सीधी टक्कर के बाद एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

