लएसएनई नेटवर्क.फिरोजपुर।
यहां पर 24 घंटे के भीतर दूसरी बार ताबड़तोड़ गोलियां चल गई। वाक्यात , शनिवार देर रात का बताया जा रहा है। वारदात थाना ममदोट के अधीन गांव दोना तेलुमल की बताई जा रही है। 35 वर्षीय कारज सिंह के सीने में गोली लगने से तत्काल मौत हो गई, जबकि दूसरा भाई हरप्रीत सिंह को गांव वालों की मदद से अस्पताल दाखिल कराया गया। बताया जा रहा है कि 30 गोलियां 20 बदमाशों ने चलाई। सब के हाथ में अपनी-अपनी पिस्टल एवं तेजधार हथियार था। दोनों भाई कार सवार होकर देर रात वापस घर लौट रहे थे। कथित अपराधियों ने कार रुकवा कर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने परिवार वालों के बयान पर सभी कथित अपराधियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के अधीन मामला दर्ज कर लिया।
मृतक की पत्नी ने बताया कि उसका पति कारज सिंह तथा देवर हरप्रीत सिंह शनिवार को गांव के पास लगा मेला देखने के लिए कार सवार होकर गए। रात को कार में सवार होकर वापस घर लौट रहे थे। अचानक उनकी कार को कथित अपराधियों ने रुकवा लिया। पहले अपराधियों ने तेजधार हथियार से हमला किया। इसके उपरांत गोलियों से उसके पति के सीने को छलनी कर दिया। मौके पर पति की मौत हो गई। देवर अस्पताल में उपचाराधीन है। बताया कि वारदात को अंजाम देने वाले भी सभी कथित अपराधी गांव तेलुमल के रहने वाले है। वह लूटपाट तथा नशे का कारोबार करते है। कई आपराधिक मामले दर्ज है।
इधर, डीएसपी यादविंदर सिंह ने बताया कि घटना के बारे पता चलने पर उनकी टीम भारी संख्या में वहां पर पहुंची। वहां से कुछ खाली होल बरामद कर लिए गए। कारज सिंह की मौत हो गई है, जबकि, हरप्रीत सिंह घायल अस्पताल में दाखिल है। हर एंगल पर पुलिस जांच-पड़ताल जारी है। दावा किया कि जल्द कथित अपराधी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।