आप कार्यकर्ता की गोली मारकर हत्या अन्य गंभीर घायल…..वारदात को अंजाम देने वाले छह कांग्रेसियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज

सांकेतिक तस्वीर

मामला विधानसभा हलका जीरा के अधीन गांव मस्तेवाला का….पुलिस छावनी में तब्दील, क्षेत्र में दहशत का माहौल

आप विधायक नरेश कटारिया का बयान…कथित अपराधी किसी सूरत में नहीं बख्शे जाएंगे

एसएनई नेटवर्क,जीरा /फिरोजपुर।

पंजाब में गोली चलाना आम बात हो चुकी है। अपराध इतना बढ़ चुका है कि अब आप की सरकार सत्ता में होने के बावजूद अपराधियों द्वारा आप कार्यकर्ताओं पर गोली चलाकर मौत के घाट उतारा जा रहा है। ताजा मामला फिरोजपुर के विधानसभा क्षेत्र जीरा के अधीन गांव मस्तेवाला का सामने आया है। मंगलवार की रात आप के सक्रिय कार्यकर्ता दलजीत सिंह पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाकर उसे मौत के घाट उतार दिया। वारदात को अंजाम देने वाले सभी कांग्रेसियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया। इस बात की पुष्टि पुलिस ने कर दी। वारदात में गंभीर घायल को लुधियाना के अस्पताल रेफर कर दिया। प्राथमिक जांच-पड़ताल के दौरान सामने आया है कि हत्या पुरानी राजनीतिक रंजिश की वजह से की गई। कथित अपराधी फरार बताए जा रहे है। 

जानकारी के मुताबिक, मृतक दलजीत सिंह अपने भाई गुरप्रीत सिंह के साथ बाईक पर सवार होकर खेत में गेहूं की कटाई के लिए जा रहे थे। रास्ते में कथित अपराधी निरवेल सिंह, बख्शीश सिंह, लक्खा सिंह, रंजीत सिंह, गुरदियाल सिंह, सोनू समेत कुछ अज्ञात पिस्टल से लैस होकर खड़े थे। पूर्व में तेजधार हथियार से दलजीत सिंह पर हमला किया। उसके बाद ताबड़तोड़ गोलियां चला दी गई। तीन गोली दलजीत सिंह के सिर पर लगी, जिस वजह से मौके पर ही दम तोड़ दिया। किसी प्रकार से भाई गुरप्रीत सिंह वारदात स्थल से फरार हो गया। ग्राम में जाकर ग्रामीणों को इकट्ठा कर वारदात स्थल लेकर आया। वहां पर खून से लथपथ दलजीत सिंह का शव पड़ा था। एक अन्य साथी गंभीर घायल को लुधियाना रेफर किया गया।

पुलिस ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया।दावा किया कि जल्द ही कथित अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मुख्य अपराधी कांग्रेसी सरपंच का भतीजा बताया जा रहा है। उधर, जीरा विधानसभा क्षेत्र के आप विधायक नरेश कटारिया ने पीड़ित परिवार को आश्वासन दिया कि कथित अपराधियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। पीड़ित परिवार को हर प्रकार से इंसाफ दिलाया जाएगा। 

100% LikesVS
0% Dislikes