घर से बुलाकर गांव से कुछ दूरी पर स्थित शमशानघाट के पास छाती पर गोली मार दिया था घटना को अंजाम
प्रवीर अब्बी.बंगा (नवांशहर)।

यहां पर 35 वर्षीय अमरजीत सिंह की बुधवार को गोली मार कर हत्या कर दी गई थी। पुलिस की प्राथमिक जांच में बड़ा खुलासा हुआ कि मामला कांट्रेक्ट किलिंग से जुड़ा हुआ हैं। हत्या की वारदात को अंजाम देने वाले मोटरसाइकिल सवार शार्प शूटर बताए जा रहे हैं। सीसीटीवी कैमरा में कैद दोनों कथित अपराधियों की तस्वीरों को पहचान लिया गया। पकड़ने के लिए जिला पुलिस प्रमुख के आदेश पर 4 टीम गठित की गई। दावा किया जा रहा है कि पुलिस गुत्थी को सुलझाने के बेहद करीब पहुंच चुकी हैं। घर से बुला कर अमरजीत को ग्रामीण क्षेत्र के एक शमशान घाट के पास वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने शव कब्ज में लेकर दो के खिलाफ हत्या का मामला थाना सदर बंगा में दर्ज किया था।
सूचना मिलने पर पुलिस के उच्च अधिकारी वारदात स्थल पर पहुंचे थे। फारेंसिक टीम की मदद ली गई। वरादत स्थल से पुलिस को अहम सुराग मिले थे। उसी के आधार पर पुलिस ने अपनी जांच-पड़ताल को आगे आरंभ किया। पुलिस ने गुरुवार को तकनीकी टीम की मदद से इस केस के साथ जुड़े हर पहलू पर बारीकी से जांच आरंभ की। पुलिस की जांच में सामने आया कि मामला कांट्रेक्ट किलिंग के साथ जुड़ा है। वारदात देने वाले दोनों ही शार्प शूटर थे। गोली सीधे अमरजीत की छाती पर मारी गई। मौके पर ही उसने दम तोड़ दिया।
गुरुवार को सिविल अस्पताल में अमरजीत सिंह का पोस्टमार्टम मेडिकल बोर्ड द्वारा गाठित डाक्टरों की स्पेशल टीम ने किया। शरीर से गोली निकाल ली गई। प्राथमिक जांच में सामने आया कि गोली छाती से लगनेे की वजह से ही अमरजीत सिंह की मौत हुई। मेडिकल रिपोर्ट में इस बात का प्रमाण मिल चुका है कि गोली चलाने वाले शार्प शूटर ही थे। पुलिस ने इस एंगल को प्रमुख रखते हुए हत्या से जुड़ी हर कड़ी को गहनता से जांच-पड़ताल शुरु की।
परिवारिक संबंध भी अच्छे नहीं
पता चला है कि मरने वाले के अपने परिवार के साथ संबंध अच्छे नहीं हैं। पिता अलग रहता है। जमीन की देखरेख पिता करता है। मृतक की पत्नी कुछ वर्ष से अलग रह रही हैं। मृतक के कुल चार बच्चों में तीन बेटियां है। आर्थिक हालत काफी दयनीय है। घर का पालन-पोषण बड़ी मुश्किल से चलता है। गांव वालों ने पंजाब के सीएम से पीड़ित परिवार की आर्थिक मदद की गुहार लगाई।
कुछ समय पहले गांव में ही हुआ था मृतक का झगड़ा
इस पूरे प्रकरण में पुलिस के समक्ष एक बहुत बड़ी बात सामने आई है कि अमरजीत सिंह का कुछ समय पहले गांव में ही किसी के साथ झगड़ा हुआ था। मामला पंचायत के पास पहुंचा था। पता चला है कि हमले में अमरजीत सिंह काफी गंभीर रुप से घायल हुआ था। आखिरकार, पंचायत ने दोनों के बीच समझौता करवा दिया था।
पुलिस इस मामले को लेकर उक्त झगड़े के पहलू को भी साथ जोड़ कर चल रही है। पुलिस मान कर चल रही है कि कहीं हमलावर ने अपनी रंजिश को पूरा करने के लिए तो नहीं इस वारदात को अंजाम देने के लिए शार्प शूटरों की मदद ली। फिलहाल, पुलिस ने इस बारे कोई पुष्टि तो नहीं की। लेकिन, इस बात का संकेत जरुर दिया कि वह हत्या के मामले को सुलझाने के काफी करीब उनकी टीम पहुंच चुकी हैं।